'बिग बॉस ओटीटी सीजन 1' में नजर आईं सिंगर नेहा भसीन ने अब स्काउट और लव के मामले पर चुप्पी तोड़ी है। वीकेंड का वार देखने के बाद सिंगर ने सबके खिलाफ जाते हुए लव का सपोर्ट किया है। नेहा भसीन ने सोशल मेंडिस पर एक के बाद एक पोस्ट शेयर कर इस मुद्दे पर अपनी राय रखी है। नेहा ने लिखा, 'बिग बॉस अब सिर्फ एक टीवी शो नहीं रह गया है- ये हमारे कलेक्टिव बायस को दिखाने वाला एक डिस्टर्बिंग सामाजिक आईना है। जहां शो के निर्माता सिर्फ TRP के लिए जानबूझकर टॉक्सिक नैरेटिव गढ़ते और बढ़ावा देते हैं, वहीं दर्शकों के रिएक्शंस समाज की खामियों को एक्सपोज करते है। खुल्लम-खुल्ला चल रहे डबल स्टैंडर्ड्स को इग्नोर करना नामुमकिन है: पुरुष कंटेस्टेंट्स को अक्सर रियायतें, नरमी और व्यवस्थागत विशेषाधिकार मिल जाते हैं, जबकि महिला कंटेस्टेंट्स को तीखे हमलों, कड़ी जांच-पड़ताल और 'मोरल पुलिसिंग' का सामना करना पड़ता है।'

नेहा भसीन ने मेकर्स पर लगाए आरोप 

सिंगर ने आगे कहा, 'TRP और एंगेजमेंट पाने के लिए, शो चलाने वाले सोच-समझकर टॉक्सिक नैरेटिव तैयार करते हैं और उन्हें बढ़ावा देते हैं। वो साइकोलॉजिकल मैनीपुलेशन को हाई रेटिंग पाने का फॉर्मूला बना देते हैं। लेकिन इससे भी ज्यादा चिंताजनक बात ये है कि दर्शक भी इसमें शामिल होते हैं। हम बार-बार एक साफ डबल स्टैंडर्ड देखते हैं: पुरुष कंटेस्टेंट्स को अक्सर बचाया जाता है, उनके लिए बहाने बनाए जाते हैं या उन्हें विशेष सुविधाएं दी जाती हैं, जबकि महिला कंटेस्टेंट्स को कठोर आलोचना, मोरल पुलिसिंग और चरित्र हनन का सामना करना पड़ता है। जब लाखों दर्शक पूरे उत्साह के साथ इन तौर-तरीकों को सही ठहराते हैं, तो ये "सिर्फ एक शो" नहीं रह जाता। ये भारतीय समाज में गहराई तक पैठी स्त्री-द्वेष और व्यवस्थागत पूर्वाग्रहों का एक ऐसा आईना दिखाता है, जो हमें असहज कर देता है। अब समय आ गया है कि हम इस बात पर विचार करें कि हम किन चीजों को बढ़ावा, अहमियत देते हैं, और मर्दों के जिन व्यवहारों को हम नजरअंदाज कर देते हैं, उन्हीं के लिए महिलाओं को नीचा दिखाने में हम इतनी जल्दी क्यों तैयार हो जाते हैं।'

महिलाओं के हक में बोलीं नेहा 

नेहा भसीन ने लव पर लगे आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा, 'हमें ये कहानी बहुत पसंद है कि आदमी तो बस भोले-भाले लोग हैं जिन्हें आसानी से "बहकाया" जा सकता है, जबकि औरतें शातिर विलेन हैं जिन्हें प्रताड़ित किया जाना चाहिए। रुकिए और उस असलियत को देखिए जिसमें हम जी रहे हैं। साल-दर-साल, बलात्कार, शारीरिक हिंसा और दुर्व्यवहार के आंकड़े एक अलग ही कहानी बयां करते हैं- ऐसी कहानी जिसमें पुरुषों की ही भूमिका होती है। ये बात परेशान करती है कि समाज कितनी आसानी से कहानी पलट देता है। हम आदमियों के गलत कामों को सही ठहराने के लिए उन्हें बच्चों जैसा मान लेते हैं, जबकि महिलाओं को बुरा बताकर, उनके बर्बाद होने को जायज ठहराते हैं। भेड़ियों को मासूम कहना और महिलाओं का शिकार करना, सिर्फ पाखंड नहीं है; ये एक घिनौनी और भयावह सच्चाई है कि हम पुरुषों के विशेषाधिकारों की कितनी गहराई से रक्षा करते हैं, जबकि जो महिलाएं इस स्थिति से बचकर निकलती हैं, हम उन्हें ही सजा देते हैं।'

विच हंट पर फूटा गुस्सा 

नेहा भसीन ने आखिर में लिखा, 'मुझे सबसे ज्यादा डरावना ये लगता है कि महिलाएं इस विच हंट में सिर्फ शामिल नहीं होतीं, बल्कि वो लीड करती हैं। अक्सर महिलाएं ही पुरुषों के मेल प्रिविलेज की सबसे बड़ी समर्थक होती हैं, वो पुरुषों को तो तुरंत माफ कर देती हैं, लेकिन दूसरी महिलाओं को बुरी तरह निशाना बनाती हैं।'