'बिग बॉस' के घर में हर साल कई रिश्ते बनते हैं। 'बिग बॉस 20' में भी लव और स्काउट के बीच लोगों को रोमांटिक एंगल नजर आ रहा है। हालांकि, अभी तक इस सीजन में कोई ऑफिशियल जोड़ी नहीं बनी है। वहीं, दूसरी तरफ इसी शो के पुराने सीजन की एक जोड़ी टूटने की खबर सोशल मीडिया पर हलचल मचा रही है। ईशा सिंह और अविनाश मिश्रा का ब्रेकअप हो गया है और इस खबर ने फैंस को पूरी तरह से हैरान दिया है क्योंकि अभी कुछ दिन पहले ही इन दोनों ने अपना रिलेशनशिप ऑफिशियल किया था। ईशा और अविनाश बिग बॉस के घर में ही करीब आए थे। बाहर आकर दोनों ने डेट किया और देखते ही देखते ये दोनों टीवी के क्यूट कपल्स की लिस्ट में शुमार हो गए। अब अविनाश पर चीटिंग के आरोप लग रहे हैं। हालांकि, ये पहली बार नहीं है जब बिग बॉस की कोई हिट जोड़ी इस तरह से टूटी हो। चलिए जानते हैं किन 'बिग बॉस' कपल्स के ब्रेकअप हो चुके हैं।
पुनीश शर्मा- बंदगी कालरा
'बिग बॉस सीजन 11' में पुनीश शर्मा और बंदगी कालरा पहली बार मिले थे। कुछ ही दिनों में इन दोनों को प्यार हो गया और शो पर ही दोनों ने एक-दूसरे को डेट करना शुरू कर दिया था। इन दोनों की नजदीकियां देखकर दर्शक तो क्या शो के होस्ट सलमान खान भी शर्मा जाते थे। वहीं, 5 साल तक साथ रहने के बाद दोनों ने आपसी सहमत से ये रिश्ता खत्म करने का फैसला ले लिया था।
सारा खान-अली मर्चेंट
सारा खान और अली मर्चेंट में बिग बॉस के घर में वो किया था, जो पहले कभी देखने को नहीं मिला था। सारा खान ने नेशनल टीवी पर बॉयफ्रेंड अली मर्चेंट से शादी कर ली थी। बिग बॉस ने खुद इन दोनों की शादी के सारे इंतजाम किए थे और शो पर ही इनका निकाह करवाया था। लेकिन शो खत्म होने के बाद दोनों का तलाक हो गया और सारा ने बाद में कृष पाठक से शादी कर ली। बता दें, कृष 'रामायण' फेम एक्टर सुनील लहरी के बेटे हैं।
गौहर खान- कुशाल टंडन
गौहर खान और कुशाल टंडन का प्यार भी बिग बॉस के घर में ही परवान चढ़ा था। इस शो में दोनों के बीच दोस्ती हुई और फिर दोनों बॉयफ्रेंड-गर्लफ्रेंड बन गए। शो में दोनों का रोमांस और झगड़े फैंस को काफी पसंद आते थे। ये दोनों देकहते ही देखते लोगों के फेवरेट कपल बन गए थे। बाहर आने के बाद भी दोनों ने साथ में काम किया, लेकिन बाद में इनका भी ब्रेकअप हो गया। अब गौहर खान जैद दरबार की पत्नी हैं और इन दोनों के दो बेटे भी हैं।
करिश्मा तन्ना- उपेन पटेल
करिश्मा तन्ना को बिग बॉस के घर में प्यार मिल गया था। वो एक्टर उपेन पटेल के प्यार में पड़ गई थीं और शो पर हनी दोनों ने शादी के सपने भी सजाने शुरू कर दिए थे, लेकिन शो खत्म होते ही दोनों का रिश्ता भी खत्म हो गया। इसके बाद करिश्मा ने एक बिजनेसमैन से शादी कर ली और अब एक्ट्रेस अपने मैटरनिटी फेज को एन्जॉय कर रही हैं।