'बिग बॉस 4' से पूरी दुनिया में मशहूर हुईं पाकिस्तानी एक्ट्रेस वीना मलिक एक बार फिर सुर्खियों में हैं। सोशल मीडिया पर वीना मलिक का एक बेहद इमोशनल वीडियो ताबड़तोड़ वायरल हो रहा है। इस वीडियो में एक्ट्रेस फूट-फूटकर रोती हुई नजर आ रही हैं। वीना मलिक को बेहाल देखकर सोशल मीडिया यूजर्स भी हैरान रह गए हैं। एक लाइव शो के दौरान एक्ट्रेस अपने इमोशंस पर काबू खो गईं और उन्होंने कैमरे के सामने अपना पूरा मेकअप हटा दिया। सामने बैठी महिला उन्हें रोकती रही, लेकिन वीना ने उनकी एक नहीं सुनी। आखिर ऐसा क्या हुआ कि वीना मलिक के आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे थे?

लाइव शो पर रोईं वीना मलिक 

दरअसल, वीना मलिक को अपने बढ़ते वजन और लुक्स को लेकर सोशल मीडिया पर लगातार ट्रोलिंग का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में अब उनका दर्द कैमरे के सामने छलक पड़ा। एक्ट्रेस ने अपनी तकलीफ दिखाते हुए लाइव शो में न सिर्फ अपनी हील्स उतारकर अपनी हाइट दिखाई, बल्कि चेहरे से सारा का सारा मेकअप भी साफ कर दिया। आंसू बहाते हुए ये सब करतीं वीना मलिक का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। 

ट्रोलर्स के कारण हुआ एक्ट्रेस का ब्रेकडाउन 

बता दें, ये सब वीना मलिक के मॉर्निंग शो 'वीना है ना' में दौरान हुआ। शो में वो अपने लुक और बढ़ते वजन को लेकर सोशल मीडिया पर होने वाली ट्रॉलिंग की बात कर रही थीं। ऐसे में ट्रोलर्स को जवाब देते हुए वीना कुर्सी से उठीं और कैमरे के सामने हील्स उतारकर तंज कसते हुए बोलीं कि लोगों ने अब तक सिर्फ वजन देखा है, अब वो उन्हें अपना कद भी दिखाएंगी। इसके बाद उन्होंने फेस वाइप्स से कैमरे के सामने अपना मेकअप भी साफ करना शुरू कर दिया। एक्ट्रेस ने अपने फेक आईलैश भी हटाए और उस वक्त उनकी आंखों से आंसू निकल रहे थे। वीना ने ट्रोलर्स को जवाब देते हुए ये भी कहा कि अब लोग उन्हें बिना मेकअप के देख सकते हैं और उनके इस लुक पर खबरें भी बना सकते हैं। 

भैंस से हुई वीना मलिक की तुलना 

वीना मलिक ने कहा कि अब कोई उन्हें मोटा, सांवला या बदसूरत कहे तो उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता। आपको बता दें, एक बार पहले भी वीना मलिक वजन को लेकर ट्रोलिंग पर बात कर चुकी हैं। उन्होंने बताया था कि सोशल मीडिया पर लोग मोटा कहा जाता है और लोग उनकी तुलना भैंस से भी करते हैं। अब एक बार फिर वही सब देखने के बाद एक्ट्रेस पूरी तरह से टूट गई हैं। वीना को इस हाल में देखकर उनके चाहने वाले भी मायूस हो गए हैं। वहीं, इस वीडियो ने अब ये सवाल खड़ा कर दिया है कि किसी के वजन, रंग या चेहरे को लेकर मजाक बनाना कितना सही है।