UP Election 2027 BJP Candidate list : उत्तर प्रदेश की राजनीति में चुनावी सरगर्मी तेजी से बढ़ने लगी है। किसी भी वक्त विधानसभा चुनाव का बिगुल बज सकता है। लगातार दो बार सत्ता में आने के बाद अब भाजपा (BJP) जीत की हैट्रिक लगाने के लिए पूरी ताकत झोंक चुकी है। दीपावली समाप्त होते भाजपा ने जमीनी स्तर पर सक्रियता बढ़ा दी है। उत्तर प्रदेश की कुल 403 विधानसभा सीटों में से भाजपा ने अपनी शुरुआती तैयारी के तहत 209 सीटों पर उम्मीदवारों के नाम तय कर लिए हैं। ये सभी नाम ए (A) कैटेगरी अंतर्गत शॉर्टलिस्ट किए गए हैं। इन्हें लखनऊ से अब केंद्रीय नेतृत्व के पास दिल्ली भेज दिया गया है।
सीएम योगी की मुहर
इन 209 प्रत्याशियों के नामों को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सहमति के बाद अंतिम रूप दिया गया है। लखनऊ से लिस्ट भेजे जाने के बाद अब पार्टी के शीर्ष नेतृत्व की फाइनल मुहर लगने का इंतजार है। जैसे ही केंद्रीय नेतृत्व हरी झंडी देगा, इन उम्मीदवारों के टिकट पक्के मान लिए जाएंगे। दरअसल, भाजपा का मानना है कि समय से पहले उम्मीदवारों के नाम तय होने से उन्हें अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में जनता के बीच जाने और तैयारी करने के लिए पर्याप्त समय मिल जाएगा। इस बार पार्टी ने यूपी में 300 पार का बड़ा और ऐतिहासिक लक्ष्य रखा है।
SIR को लेकर सीएम योगी का अखिलेश यादव पर बड़ा सियासी हमला
दूसरी तरफ, उत्तर प्रदेश की राजनीति में SIR के मुद्दे को लेकर घमासान मचा है। एक प्रमुख हिंदी समाचार चैनल को दिए इंटरव्यू में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव पर तीखा तंज कसा है। सीएम योगी ने कहा कि अब अखिलेश यादव SIR को वापस लेने की कोई मांग नहीं करेंगे, क्योंकि उन्हें इसमें अपना राजनीतिक फायदा दिखाई दे रहा। सीएम योगी ने दावा किया कि SIR के आंकड़ों के मुताबिक मुस्लिम मतदाताओं की संख्या में 1.63% की बढ़ोतरी हुई है, जिसे अखिलेश यादव अपने वोट बैंक के रूप में देख रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया में 1 करोड़ 27 लाख हिंदू वोटरों के नाम कटने की बात सामने आई है। इसकी शिकायत चुनाव आयोग से की गई है, लेकिन इसके बावजूद अखिलेश यादव इसके खिलाफ खुलकर विरोध या शिकायत नहीं करेंगे क्योंकि उनका सियासी समीकरण इसमें सधता नजर आ रहा है।
2027 का चुनाव 80 बनाम 20 और बटेंगे तो कटेंगे पर सीएम योगी का बयान
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर अपने रुख को पूरी तरह स्पष्ट कर दिया है। सीएम योगी ने साफ किया कि 2027 का यह चुनाव '80 और 20' की एक वैचारिक और विकास आधारित लड़ाई है। उनका कहना है कि राज्य के 80% मतदाता सुरक्षा, कानून के राज, सुशासन और चौतरफा समृद्धि के मुद्दों पर पूरी मजबूती से बीजेपी और एनडीए के साथ खड़े हैं, जबकि विपक्ष के साथ केवल 20% वोटर ही जा सकते हैं। अपने चर्चित नारे बटेंगे तो कटेंगे को सही ठहराते हुए सीएम योगी ने कहा कि यह किसी भी प्रकार के धार्मिक ध्रुवीकरण का नारा नहीं है, बल्कि यह देश और समाज के इतिहास से कड़े सबक सीखने की एक नसीहत है। उन्होंने समझाया कि जनता जाति, क्षेत्र, भाषा या अन्य आधारों पर आपस में बंटी रहेगी तो उसे केवल नुकसान ही उठाना पड़ेगा। इसलिए समाज को एकजुट रहने की जरूरत है, क्योंकि एक रहेंगे तो नेक रहेंगे और पूरी तरह सुरक्षित रहेंगे।