दिवाली का त्योहार अपनों के साथ खुशियां बांटने और परिवार के साथ वक्त बिताने का खास मौका होता है। लेकिन बॉलीवुड एक्ट्रेस सेलिना जेटली के लिए इस बार की दिवाली खुशियां नहीं बल्कि दर्द लेकर आई थी। सेलिना जेटली लगातार दूसरी बार अपने तीनों बच्चों से दूर रहकर दिवाली मनाने को मजबूर रहीं। ऐसे में उन्होंने सोशल मीडिया पर एक बेहद इमोशनल पोस्ट शेयर किया, जिसे पढ़कर उनके फैंस भी भावुक हो गए। सेलिना ने अपने बच्चों को याद कर एक ऐसा डर जाहिर किया, जिसने हर किसी का ध्यान खींच लिया है।
बेटों को याद कर भावुक हुईं सेलिना
सेलिना जेटली ने दिवाली के दिन अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर बेटों विंस्टन, विराज और आर्थर के साथ एक पुरानी तस्वीर शेयर की। इसके साथ उन्होंने एक लंबा- चौड़ा इमोशनल नोट भी लिखा। एक्ट्रेस ने बताया कि ये लगातार दूसरी दिवाली है, जब वो अपने बच्चों के साथ नहीं हैं। उन्होंने अपने बेटों के बचपन की यादें ताजा करते हुए बताया कि कैसे वो उनके लिए पसंदीदा खाना बनाया करती थीं। कभी समोसे और पानीपुरी, तो कभी केक, सिनेमन रोल और लादी पाव प्यार से बनाकर उन्हें खिलाती थीं। बच्चों के साथ कैरम खेलना, एक-दूसरे के पास सोना और छोटी-छोटी खुशियां बांटना आज भी उनके दिल के बेहद करीब है। सेलिना ने लिखा कि उन्होंने अपने बच्चों को बहुत प्यार से पाला है और उनके लिए हर छोटी-बड़ी चीज में अपनी खुशियां ढूंढी हैं। आज उनसे दूर रहना उनके लिए बेहद मुश्किल है।
'डर है कि कहीं तुम मां का प्यार न भूल जाओ'
अपनी पोस्ट में सेलिना ने सबसे ज्यादा भावुक कर देने वाली बात अपने बच्चों को लेकर कही। उन्होंने लिखा कि उन्हें इस बात का डर सताता है कि कहीं उनके आसपास कही जा रही बातों के बीच उनके बच्चे अपनी मां के प्यार को न भूल जाएं। सेलिना ने ये भी कहा कि उन्हें इस बात से तकलीफ होती है कि इतनी कम उम्र में उनके मासूम बच्चों को इतनी परेशानियों से गुजरना पड़ रहा है। उन्हें ऐसा महसूस नहीं होना चाहिए कि उन्हें अपने माता-पिता में से किसी एक की साइड चुननी है। सेलिना ने अपने बच्चों को यकीन दिलाया कि उन्होंने कभी उन्हें छोड़ा नहीं है और न ही कभी मां-बाप में से किसी एक को चुनने के लिए कहा है। उनका घर और दिल हमेशा अपने बच्चों के लिए खुला रहेगा।
एक्स हसबैंड के लिए कही ये बात
इस भावुक पोस्ट में सेलिना ने अपने एक्स हसबैंड पीटर हाग का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि वो हमेशा उनकी आभारी रहेंगी कि वो साथ मिलकर तीन बच्चों को इस दुनिया में लेकर आए। सेलिना ने उम्मीद जताई कि परिवार में आई दूरियां और मुश्किल हालात उनके बच्चों के स्वभाव, मासूमियत और अच्छे संस्कारों को प्रभावित नहीं करेंगे। उन्होंने बताया कि अपने बच्चों के भविष्य को सुरक्षित रखने के लिए उन्हें कुछ मुश्किल फैसले लेने पड़े हैं। सेलिना और पीटर हाग के बीच तलाक और बच्चों की कस्टडी को लेकर लीगल प्रोसेस चल रहा है। उनके तीनों बेटे फिलहाल ऑस्ट्रिया में अपने पिता के साथ हैं। इसी वजह से एक्ट्रेस को अपने बच्चों से दूर रहना पड़ रहा है।