छठ के मौके पर देशभर में आस्था और भक्ति का माहौल बना हुआ है। आम लोगों से लेकर बड़ी-बड़ी हस्तियों ने इस पर्व को पूरे उत्साह के साथ मनाया है। बॉलीवुड एक्टर और केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी के प्रमुख चिराग पासवान की छठ पूजा करते हुए नजर आए हैं। उनकी तस्वीरें और वीडियो अब सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही हैं। इस बार उनका अलग अंदाज देखने को मिला क्योंकि चिराग सिर्फ पूजा में शामिल नहीं हुए, बल्कि उन्होंने परिवार के साथ बैठकर अपने हाथों से ठेकुआ भी तैयार किया। चिराग पासवान ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर छठ पूजा से जुड़ी कई तस्वीरें और वीडियो शेयर किए हैं। 

छठ पर दूल्हे की तरह सजे चिराग पासवान

इन फोटोज में वो परिवार के साथ मिलकर ठेकुआ बनाते दिखाई दे रहे हैं। आपको बता दें, छठ पूजा में ठेकुआ का विशेष महत्व होता है और इसे छठी मैया को चढ़ाया जाता है। इसे प्रमुख प्रसादों में गिना जाता है। चिराग ने इस अनुभव को सिर्फ एक धार्मिक रस्म नहीं, बल्कि अपनी संस्कृति और परिवार से जुड़ने का खास मौका बताया। छठ की छोटी-छोटी तैयारियों से लेकर पूजा के अंतिम चरण तक हर काम में उन्हें श्रद्धा और अपनापन महसूस हुआ। छठ के दौरान चिराग पासवान के ट्रेडिशनल लुक ने भी लोगों का ध्यान खींचा। वो गोल्डन शेरवानी, सिर पर पगड़ी और माथे पर तिलक लगाए हुए नजर आए। उन्हें देखकर ऐसा लगा, जैसे कोई दूल्हा तैयार होकर आया हो। 

चिराग ने क्या मांगी कामना?

इतना ही नहीं, उन्होंने घर के साथ अपनी गाड़ी को भी फूलों से सजवाया था। उनके इस लुक को देखकर अब लोग उन्हें दूल्हा बनते हुए देखना चाहते हैं। बता दें, चिराग पासवान ने छठ पूजा की परंपराओं को पूरी श्रद्धा के साथ निभाया। वो सिर पर फल और प्रसाद से भरी टोकरी लेकर घाट पहुंचे। वहां उन्होंने भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। इसके साथ ही चिराग पासवान ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि उन्होंने सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की है। उनके इस अंदाज को देख सोशल मीडिया पर लोग उनकी तारीफ कर रहे हैं।

चिराग पासवान की शादी को लेकर चर्चा

चिराग पासवान की पूजा की तस्वीरों के बीच उनकी पर्सनल लाइफ भी एक बार फिर चर्चा में आ गई है। 44 साल के चिराग ने अभी तक शादी नहीं की है। ऐसे में उनकी छठ पूजा की तस्वीरों पर सोशल मीडिया यूजर्स जमकर रिएक्ट कर रहे हैं। कुछ लोग उनके धार्मिक अंदाज की तारीफ कर रहे हैं, तो कुछ ने छठी मैया से उनकी मनोकामनाएं पूरी होने की प्रार्थना की है। वहीं, चिराग ने अपनी पोस्ट में शादी को लेकर कोई इच्छा जाहिर नहीं की है।