मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने रविवार, 11 अक्टूबर को एक बार फिर जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने का ऐलान किया है। पार्टी ने सुबह 10 बजे समर्थकों से जुटने की अपील की है। पिछले दिन हुए प्रदर्शन के मद्देनजर दिल्ली में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। इस दौरान कई नेताओं, कार्यकर्ताओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया था। अब दोबारा प्रदर्शन के ऐलान के बाद जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। साथ ही, इन क्षेत्रों में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 के तहत प्रतिबंधात्मक आदेश भी लागू किए गए हैं।

अजिंक्य शिंदे संभालेंगे आंदोलन की कमान

सीजीपे ने राष्ट्रीय संगठन प्रभारी अजिंक्य शिंदे को आज के प्रदर्शन का नेतृत्व करने की जिम्मेदारी सौंपी है। पार्टी के प्रमुख नेताओं के हिरासत में होने की वजह से शिंदे ने आंदोलन जारी रखने का ऐलान किया है। उन्होंने समर्थकों से जंतर-मंतर पहुंचने की अपील करते हुए कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग पूरी होने तक विरोध जारी रहेगा। 

शनिवार को दिल्ली में कई लोग हिरासत में लिए गए

शनिवार को प्रस्तावित प्रदर्शन के मद्देनजर दिल्ली पुलिस ने राजधानी में व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए थे। जंतर-मंतर की ओर जाने वाले रास्तों पर बैरिकेडिंग और वाहनों की जांच की गई। रिपोर्टों के मुताबिक, CJP के प्रमुख नेताओं अभिजीत दीपके, सौरव दास और आशुतोष रांका को दिल्ली पहुंचने पर विमान के भीतर से हिरासत में लिया गया। यूट्यूबर ध्रुव राठी को गुरुग्राम स्थित उनके आवास से हिरासत में लिए जाने की भी खबर आई। इसके अलावा, कई राजनीतिक नेताओं, कार्यकर्ताओं और अन्य लोगों को दिल्ली के अलग-अलग स्थानों से हिरासत में लिया गया। इन कार्रवाइयों के कारण CJP के समर्थक शनिवार को जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन नहीं कर सके।

जंतर-मंतर क्षेत्र में धारा 163 लागू

प्रदर्शन की नई घोषणा को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी है। धारा 163 के तहत लागू प्रतिबंधों का उद्देश्य ऐसी गतिविधियों को नियंत्रित करना है, जिनसे सार्वजनिक शांति या कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका हो सकती है। नई दिल्ली और मध्य दिल्ली के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात नियंत्रण और जांच जारी रहने की संभावना है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने भी लोगों को प्रभावित रास्तों से बचने, अतिरिक्त समय लेकर निकलने और रेलवे स्टेशन, बस अड्डे या हवाई अड्डे की ओर जाते समय यातायात संबंधी ताजा सूचनाएं देखने की सलाह दी है। 

मुंबई में भी CJP के समर्थन में प्रदर्शन

CJP के प्रदर्शन के समर्थन में मुंबई में भी कई जगह विरोध-प्रदर्शन हुए। रिपोर्टों के अनुसार, अगस्त क्रांति मैदान और हुतात्मा चौक समेत कुछ स्थानों पर जुटे लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया। इनमें महात्मा गांधी के प्रपौत्र तुषार गांधी और अभिनेता इमरान खान के नाम भी शामिल हैं।इस बीच, दिल्ली में रविवार के प्रदर्शन को लेकर पुलिस की निगरानी जारी है। प्रशासन के सामने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ आम लोगों की आवाजाही और सार्वजनिक परिवहन को सुचारु रखने की चुनौती भी है।