सर्दी आ रही है और इस समय पर लोगों को कुछ गरमा-गरम, क्रिस्पी और चटपटा खाने की तलब होती है। ऐसे में लोग समोसे, टिक्की और पकोड़े खाना खूब पसंद करते हैं। लेकिन कई बार घर पर स्नैक्स बनाते हुए कई परेशानियां सामने आती हैं जैसे- पकौड़े ज्यादा तेल सोख लेते हैं, समोसे क्रिस्पी नहीं बनते, या फिर टिक्की कड़ाही में चिपककर टूट जाती है। इससे स्वाद और मेहनत दोनों खराब हो जाती है। अगर आप भी ऐसी परेशानियों का सामना कर रहे हैं तो कुछ कुकिंग ट्रिक्स अपनाकर इन परेशानियों से छुटकारा पा सकते हैं। ये ट्रिक्स इतनी आसान हैं कि इसके लिए न तो आपको कोई महंगा सामान लेना होगा और न ही ज्यादा मेहनत करनी होगी। बस बैटर तैयार करने से लेकर तेल का तापमान सही रखने जैसी बातों का ध्यान रखने से ही घर पर बनने वाले स्नैक्स ज्यादा क्रिस्पी हो जाएंगे।

पकौड़ों के बैटर में डालें ठंडा पानी

अगर पकौड़े तलने के बाद नरम पड़ रहे हैं या उनमें ज्यादा तेल नजर आ रहा है, तो सबसे पहले बैटर सुधार लें। बेसन का घोल बनाते समय ठंडे पानी का इस्तेमाल करें। बैटर में थोड़ा गर्म तेल डालकर मिलाना भी काम आता है, इससे पकौड़ों की बनावट बेहतर होती है। घोल न तो ज्यादा पतला होना चाहिए और न ही ज्यादा गाढ़ा। कड़ाही में तेल गर्म करने के बाद थोड़े-थोड़े पकौड़े डालकर तलें। इससे पकौड़े बेहतर सिकेंगे और कुरकुरापन भी आ जाएगा।

सही तापमान का रखें ध्यान 

जल्दबाजी में कम गर्म तेल में पकौड़े डालने से गड़बड़ हो सकती है। इससे स्नैक्स ज्यादा ऑयली हो जाते हैं। तेल का सही तापमान होना बेहद जरूरी है। इसलिए कुछ भी तलने से पहले तेल अच्छी तरह गर्म कर लें। लेकिन इस बात का भी खास ध्यान रखना होगा कि तेल इतना भी गर्म न हो कि स्नैक्स बाहर से जल्दी पक हो जाएं और अंदर से कच्चे रह जाएं। एक बात और कड़ाही में एक साथ बहुत सारे पकौड़े या समोसे नहीं डालने चाहिए। इससे तेल का तापमान कम हो सकता है और स्नैक्स ठीक से तल नहीं पाते।

जले हुए टुकड़े करें बाहर 

कभी-कभी लगातार स्नैक्स तलने से कड़ाही में बेसन, मसाले और खाने के टुकड़े रह जाते हैं। ये टुकड़े गर्म तेल में जलकर न सिर्फ उसका रंग, बल्कि बाद में बनने वाले स्नैक्स के स्वाद को भी बदल सकते हैं। ऐसे में आपको बीच-बीच में छलनी से तेल में मौजूद जले हुए टुकड़ों को निकालते रहना चाहिए। अगर तेल दोबारा इस्तेमाल करने लायक है, तो ठंडा होने के बाद उसे बारीक छलनी से छानकर ही इस्तेमाल करें। बहुत गहरे रंग या बदबूदार तेल का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए।

आटे में गर्म तेल या घी भी आएगा काम 

खस्ता समोसे घर पर बनाते समय कई बार बाहरी परत सख्त हो जाती है, तो कभी उसमें कुरकुरापन नहीं आता। ऐसे में आटा गूंथते समय थोड़ा गर्म तेल या घी मिलाना चाहिए। इसे 'मोयन' डालना कहते हैं। इसके लिए सबसे पहले मैदा में तेल या घी डालकर अच्छी तरह मिलाएं। 

टिक्की को टूटने और चिपकने से कैसे बचाएं?

आलू टिक्की बनाते समय अक्सर वो पलटते ही टूट जाती है या कड़ाही में चिपक जाती है। आलू का मिश्रण नरम होने से अक्सर ये परेशानी होती है। अगर आप टिक्की का मिश्रण थोड़ा सख्त रखेंगे तो ऐसा नहीं होगा। ब्रेड क्रम्ब्स या बाइंडिंग से भी काम आसान हो जाएगा। साथ ही टिक्की बनाने के बाद उसके ऊपर हल्का सा गेहूं का आटा लगा दें। इसके बाद गर्म तवे या पैन पर थोड़ा तेल डालकर टिक्कियों को धीमी से मध्यम आंच पर सेंक लें। सुनहरी और कुरकुरी होने पर उसे सावधानी से पलटें। आपकी टिक्की एकदम क्रिस्पी बनेंगी।