कुछ लोगों को अपने जूते पब्लिक प्लेस में उतारने में शर्म आती है। कारण यही होता है कि जूते उतारते ही उनके पांव से बदबू आने लगती है और हर कोई उनका मजाक उड़ाता है। कुछ लोग ऐसे लोगों को अनहाइजेनिक समझ बैठे हैं और उनसे दूरी बनाने लगते हैं। ऑफिस या कॉलेज में कई घंटों तक जूते पहनकर रहना पड़ता है। ऐसे में शाम तक पैरों से आने वाली तेज बदबू शर्मिंदगी की वजह बन जाती है। लोग भले ही इसे साफ-सफाई की कमी समझते हैं, लेकिन इसके कई कारण हो सकते हैं। पैरों में पसीना जमा होना और बैक्टीरिया का पनपना इस बबदबू का मुख्य कारण है। हालांकि, आप रोजमर्रा की छोटी-छोटी आदतों में बदलाव से इस समस्या से छुटकारा पा सकते हैं।
पैरों को अच्छी तरह करें साफ
अगर आप भी इस समस्या से जूझ रहे हैं तो सिर्फ नहाते समय पैरों पर पानी डालना काफी नहीं है। दिनभर बाहर रहने वाले लोगों को पैरों को साबुन और पानी से बाद में भी अच्छी तरह साफ करना जरूरी होता है। इस दौरान उंगलियों के बीच की जगह का खास ध्यान रखना चाहिए, क्योंकि यहां नमी और गंदगी सबसे ज्यादा जमा होती है। पैर धोने के बाद पूरी तरह सुखाना भी जरूरी है।
रोज साफ और सूखे मोजे पहनें
कई बार पैरों की बदबू का कारण गंदे या पसीने से भीगे मोजे भी हो सकते हैं। रोजाना मोजे बदलन जरूरी होता है। दिनभर पैरों में बहुत पसीना आता है, तो मोजे भी महकने लगते हैं। ऐसे में हर रोज धुले हुए मोजे पहनने चाहिए।
एक ही जूते पहनने से बचें
अगर आप रोज एक ही जोड़ी जूते पहनते हैं, तो ये समस्या बढ़ सकती है। दरअसल, एक ही जूते पहनने से उन्हें सूखने का समय नहीं मिलेगा और बदबू की समस्या जारी रहेगी। ऐसे में कोशिश ये होनी चाहिए कि कम से कम दो जोड़ी जूतों को बदल-बबदल कर पहनें। पुराने जूते को उतारने के बाद उन्हें फौरन अलमारी में रखने की जगह खुली या हवादार जगह पर रखें, ताकि अंदर की नमी निकल सके।
फुट पाउडर का करें इस्तेमाल
जिन लोगों के पैरों में ज्यादा पसीना आता है, उन्हें फुट पाउडर इस्तेमाल करना चाहिए। इससे ज्यादा नमी सोखने में मदद मिलती है। अपनी मर्जी चलाने की जगह सही प्रोडक्ट चुनने के लिए फार्मासिस्ट से सलाह लेना बेहतर होगा।
हवादार जूते पहनने से होगा फायदा
बहुत टाइट या कम हवादार मटेरियल से बने जूते पहनने से पैरों में गर्मी लगती है और पसीना ज्यादा आता है। आपको ऐसे फुटवियर चुनने चाहिए जिनमें हवा आने-जाने की जगह हो।
जूतों की सफाई भी जरूरी
सिर्फ पैरों को साफ रखना काम नहीं आएगा। अगर आपको पूरी तरह से बदबू से छुटकारा पाना है तो आपको जूतों की भी सफाई करनी होगी। जूतों के इनसोल निकालकर उन्हें अच्छी तरह सुखाने से फायदा होगा।
नाखून और स्किन का रखें ध्यान
पैरों के नाखूनों में गंदगी जमा हो जाती है, ऐसे में सही समय पर नाखून काटना अच्छा रहता है। पैरों की त्वचा पर जमा सख्त और मृत त्वचा को भी साफ करने से राहत मिलती है।