अक्सर लोग अपने लुक्स को लेकर कॉन्शियस होते हैं। बाहरी सुंदरता पर दुनिया आपको जज करती है। चेहरे की एक-एक डिटेल बेहद महत्वपूर्ण होती है। ऐसे में होंठों की भी खास भूमिका होती है। अगर किसी के होंठ गुलाबी और मुलायम हो तो वो आकर्षक लगते हैं, लेकिन अगर होंठ काले और रूखे हों तो उस इंसान का कॉन्फिडेंस भी टूट सकता है। कई बार धूप, पानी की कमी, कॉस्मेटिक प्रोडक्ट्स, हार्मोनल बदलाव, किसी चीज के साइड इफेक्ट या स्मोकिंग के कारण होंठों का रंग काला पड़ जाता है। ऐसे में अक्सर लोग महंगे लिप बाम खरीदकर अपनी जेब ढीली करने पर मजबूर हो जाते हैं। वो असर करें तो ठीक और न करें तो पैसे बर्बाद हो सकते हैं। इतने पैसे खर्चने से अच्छा है कि आप ये आसान घरेलू उपाय कर लें। रोजमर्रा में इस्तेमाल होने वाली कुछ चीजों से होंठों की हालत सुधर सकती है।
शहद और नींबू साथ में करेंगे काम
शहद त्वचा के लिए काफी फायदेमंद होता है। ये स्किन में नमी बनाए रखने में मदद करता है। अगर आप अपने होंठों पर थोड़ा-सा शहद लगाकर कुछ देर के लिए उसे छोड़ देंगे, तो आपके रूखे और फटे होंठों को आराम मिलेगा। वहीं, अगर शहद में नींबू का रस मिलाकर 10-15 मिनट आपने इसे अपने होठों पर लगा लिया, तो कालापन भी कम हो सकता है क्योंकि नींबू में ब्लीचिंग प्रॉपर्टीज होती हैं।
रोज पेटल्स से बढ़ेगी खूबसूरती
गुलाब की पंखुड़ियां सिर्फ देखने में खूबसूरत नहीं होती, बल्कि होंठों को हल्का नेचुरल कलर लौटाने में भी काम आती हैं। आपको बस कुछ पंखुड़ियों को दूध में भिगोकर इसका पेस्ट तैयार कर लेना है। इसके बाद इस पेस्ट को अपने होंठों पर कुछ मिनट लगाकर साफ करना है। ये उपाय आपके बेहद काम आएगा।
चुकंदर से मिलेगा नेचुरल रंग
चुकंदर में नेचुरल लाल रंग होता है। इसके रस का इस्तेमाल आपकी खूबसूरती में चार चांद लगा सकता है। अगर आप चुकंदर के रस को होंठों पर लगाएंगे तो आपको उससे हल्का गुलाबी टिंट मिलेगा। लेकिन इससे होंठों का रंग हमेशा के लिए नहीं बदलेगा।
हल्दी और दूध का पेस्ट
हल्दी काफी गुणकारी होती है। इससे टैनिंग और पिगमेंटशन जैसी समस्याएं आसान से दूर हो सकती हैं। आपको बस हल्दी और दूध का पेस्ट बनाकर अपना स्किन केयर करना होगा। ये बात ध्यान रहे कि होंठों पर इसका इस्तेमाल करते समय थोड़ी सावधानी रखना भी जरूरी है। जलन या एलर्जी महसूस होने पर इसे तुरंत हटा लें, नहीं तो समस्या बढ़ सकती है।
चीनी और ऑलिव ऑयल
डेड स्किन के कारण होंठ बेजान और काले पड़ सकते हैं। अगर आपके साथ ऐसा हो रहा है, तो आप एक चम्मच चीनी में आधा चम्मच जैतून का तेल मिलाकर इससे एक असरदार स्क्रब तैयार कर सकते हैं। होंठों पर हल्के हाथों से दो-तीन मिनट इससे मसाज कर, बाद में इसे वॉश कर लें।