खाना बनाते समय अगर छोटी-सी भी भूल हो जाए तो पूरा खाना बिगड़ सकता है। अगर आप बिगड़ा हुआ खाना खिलाएंगे, तो घरवालों की सेहत बिगड़ेगी और अगर खाना बिगड़ने पर तुरंत कोई इलाज नहीं किया, तो उनका मूड बिगड़ेगा। ऐसे में हर बिगड़ी चीज को सुधारने के लिए कुछ तरीके होते हैं। आज हम आपको एक ऐसा ही हैक बताने वाले हैं जिससे आप अपनी बिगड़ी हुई सब्जी को भी सुधर सकते हैं। कभी-कभी ऐसा होता है कि सब्जी में जरूरत से ज्यादा तेल पड़ जाता है। इससे न सिर्फ खाने का मजा किरकिरा होता है, बल्कि खाना जहर बन जाता है। ऊपर तैरती तेल की परत सेहत को लेकर भी चिंता बढ़ा देती है। अगर आपके साथ भी ऐसा होता है, तो परेशान होने की जरूरत नहीं है। कुछ घरेलू तरीकों से आप सब्जी से एक्स्ट्रा ऑयल निकाल सकते हैं।

कटोरी से हटाएं तेल

अगर ग्रेवी वाली सब्जी में तेल ज्यादा हो गया है, तो आप कटोरी वाला तरीका अपना सकते हैं। आपको कढ़ाई में सब्जी को किनारों की तरफ करना है और बीच में खाली जगह बनानी है। इसके बाद एक छोटी कटोरी को उल्टा कर बीच में रख दें। कुछ देर तक सब्जी को ढककर रखने से कटोरी के आसपास जमा हो जाएगा। फिर आप इसतेल को सावधानी से अलग कर सकते हैं। कटोरी गर्म हो सकती है, इसलिए आपका सावधान रहना जरूरी है। 

बर्फ के टुकड़े से हटाएं तेल

सब्जी के ऊपर तैर रहे तेल को हटाने के लिए बर्फ भी काम आती है। आपको बस बर्फ के टुकड़ों को बड़े चम्मच में रखकर उसे सब्जी की सतह के पास धीरे-धीरे घुमाना है। ऐसा करते ही आसपास मौजूद ज्यादा तेल चम्मच की बाहरी सतह पर जमा हो जाएगा। इसके बाद चम्मच को साफ कर लें। इस तरीके को तब तक इस्तेमाल करें, जब तक एक्स्ट्रा ऑयल हट नहीं जाता। 

चम्मच से निकालें तेल

अगर सब्जी में तेल काफी ज्यादा दिखाई दे रहा है, तो सबसे आसान तरीका यही होगा कि चम्मच का इस्तेमाल कर आप उसे सीधे हटा लें। एक बड़े चम्मच की मदद से जल्दी और आसानी से हो जाएगा। इस दौरान चम्मच को ग्रेवी के अंदर ज्यादा गहराई तक न ले जाएं क्योंकि इससे तेल और सब्जी का मसाला भी मिल सकता है। 

पेपर टॉवल का ले सकते हैं सहारा 

सूखी सब्जी में अगर तेल ज्यादा हो जाए तो फूड-सेफ पेपर टॉवल का सहारा भी लिया जा सकता है। पेपर टॉवल को सब्जी की ऊपरी सतह पर हल्के हाथों से रखने पर वो एक्स्ट्रा ऑयल सोख लेता है। बस आपको इस बात का ध्यान रखना है कि पेपर टॉवल सब्जी में मिलना नहीं चाहिए। आपको कुछ सेकंड बाद उसे सावधानी से हटाना होगा।