आज सुबह से ही बॉलीवुड एक्टर नवाजुद्दीन सिद्दीकी सुर्खियों में बने हुए हैं। पहले उनके नाम पर दीया मिर्जा ने सोशल मीडिया पर बम फोड़ दिया और अब उनका नाम एक बार फिर चर्चा में आ गया है। एक ही दिन में नवाजुद्दीन के फैंस को एक के बाद एक सरप्राइज मिल रहे हैं। पहले दीया मिर्जा ने सबके सामने कह दिया कि नवाजुद्दीन सिद्दीकी के साथ काम करना बुरे सपने जैसा था। उन्हें बात करने की तमीज नहीं है और उनका एटीट्यूड का प्रॉब्लम है। हालांकि, ये बाद में एक सीरीज का प्रमोशनल स्टंट निकला, लेकिन इस एक पोस्ट ने नवाजुद्दीन सिद्दीकी को जबरदस्त चर्चा में ला दिया है। जो कमी रह गई थी, अब वो केआरके ने पूरी कर दी है।
अब नवाजुद्दीन सिद्दीकी लेकर आ रहे हैं 'देशद्रोही 2'?
आपको बता दें, आज यानी 18 नवंबर को नवाजुद्दीन सिद्दीकी के दो प्रोजेक्ट अनाउंस हुए हैं। पहले दीया मिर्जा संग उनकी सीरीज 'डॉ. हसन' का टीजर सामने आया और अब केआरके ने उनके साथ एक फिल्म का ऐलान कर दिया है। केआरके ने कुछ देर पहले सोशल मीडिया पर एक पोस्टर जारी कर सभी को हैरान कर दिया। उनका कहना है कि वो अपनी फ्लॉप फिल्म 'देशद्रोही' का सीक्वल लेकर आ रहे हैं और इसमें नवाजुद्दीन सिद्दीकी, पूजा हेगड़े और दीपक डोबरियाल जैसे कलाकार नजर आएंगे। केआरके ने 'देशद्रोही 2' का पोस्टर भी शेयर किया है, जिसपर केआरके के साथ इन तीनों की तस्वीर नजर आ रही हैं।
पोस्टर में केआरके के साथ दिखे पूजा और नवाज
पोस्टर के सेंटर में केआरके एक हाथ में गन पकड़े पोज दे रहे हैं और बाकी जगह ये कलाकार दिखाई दे रहे हैं। इस पोस्टर को शेयर करते हुए उन्होंने लिखा, 'तैयार हो जाइए। 'देशद्रोही 2' जल्द ही आ रही है।' अब उनके इस पोस्ट ने सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी है। लोग ये मानने के लिए ही तैयार नहीं हैं कि नवाजुद्दीन और पूजा हेगड़े इस फिल्म का हिस्सा बन सकते हैं। अभी तक इन दोनों ने भी इस खबर को कन्फर्म नहीं किया है। वहीं, दीपक डोबरियाल का इस पोस्टर पर रिएक्शन सामने आ गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दीपक डोबरियाल इन दावों को खारिज कर दिया है।
दीपक डोबरियाल ने बताई पोस्टर की सच्चाई
दीपक डोबरियाल ने मीडिया से बात करते हुए बताया है कि ये खबरें झूठी हैं। एक्टर ने कहा कि कई लोग उन्हें ये पोस्टर भेज चुके हैं और सभी उनसे इसके बारे में पूछ रहे हैं। अब दीपक के इस बयान के बाद केआरके की पोल खुल गई है। ऐसे में लोगों का कहना है कि केआरके ये सब पब्लिसिटी हासिल करने के लिए कर रहे हैं। फिलहाल इस मामले में नवाजुद्दीन सिद्दीकी और पूजा हेगड़े का रिएक्शन सामने आना बाकी है।