दीया मिर्जा और नवाजुद्दीन सिद्दीकी को लेकर आज सुबह से सोशल मीडिया पर तरह-तरह की बातें हो रही हैं। दीया मिर्जा ने आज एक पोस्ट शेयर कर सभी को सोचने पर मजबूर कर दिया। एक्ट्रेस ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर कर नवाजुद्दीन सिद्दीकी को लेकर कुछ इस तरह की बातें लिखीं कि देखने वाले भी अपनी आंखों पर विश्वास नहीं कर पाए। दीया ने नवाजुद्दीन के व्यवहार पर सवाल उठाते हुए उन्हें टैग किया था। अब उनके इस पोस्ट पर नवाजुद्दीन का जवाब सामने आ गया है। दोनों के बीच शुरू हुई ऑनलाइन बातचीत में हुआ क्या चलिए जानते हैं। 

दीया की पोस्ट पर क्या बोले नवाजुद्दीन?

आपको बता दें, आज दिया ने पहले पोस्ट करते हुए कहा था कि नवाजुद्दीन संग काम करना बुरे सपने जैसा था। उन्हें बात करने की तमीज नहीं है और उनका एटीट्यूड अलग ही लेवल का है। साथ ही एक्ट्रेस ने उनके करैक्टर को भी ऑफेंसिव बताया था। अब इस पर रिप्लाई देते हुए नवाजुद्दीन सिद्दीकी ने लिखा, 'एटीट्यूड में कमी निकालना आसान है, काम में निकालकर दिखाइए।' नवाजुद्दीन सिद्दीकी का ये जवाब पढ़कर दिया मिर्जा ने लिखा, 'वो तो मुमकिन ही नहीं है, आप तो बेस्ट हो।' अब इन दोनों की बातचीत देखकर साफ समझ आ रहा है कि दोनों के बीच सब कुछ ठीक है। 

क्या था इस पोस्ट का असली मकसद?

आपको बता दें, दिया मिर्जा और नवाजुद्दीन सिद्दीकी के बीच कोई मनमुटाव नहीं हुआ है। ये पोस्ट तो बस एक PR स्टंट था, जो इन दोनों ने अपनी अपकमिंग वेब सीरीज को प्रमोट करने के लिए उठाया है। ये दोनों जल्द ही मेडिकल ड्रामा सीरीज 'डॉ. हसन' में नजर आए वाले हैं और कुछ देर पहले ही इस सीरीज का टीजर जारी किया गया है। कुछ सेकंड के इस टीजर में नवाजुद्दीन सिद्दीकी की दमदार एक्टिंग देखने को मिल रही है। वो एक अस्पातल के बेस्ट डॉक्टर हैं, जिनका अंदाज थोड़ा हटके है। डॉ. हसन दुनिया के तौर-तरीकों से बिल्कुल अलग हैं और उनका दुनिया देखने के नजरिया भी सबसे जुदा है। 

कब रिलीज होगी सीरीज?

इस टीजर को देखकर लग रहा है कि ये सीरीज काफी मजेदार होने वाली है। नवाजुद्दीन सिद्दीकी अब डॉ. हसन बनकर कई चुनौतियों का सामना करने वाले हैं। आपको बता दें, ये सीरीज JioHotstar पर 11 दिसंबर को रिलीज होने वाली है। इस सीरीज को रोहन सिप्पी ने डायरेक्ट किया है। इसमें नवाजुद्दीन डॉक्टर इमरान हसन और दीया मिर्जा डॉक्टर पलक जैन की भूमिका में नजर आएंगी। इस प्रोजेक्ट में इन दोनों को साथ दखने के लिए अब फैंस भी एक्साइटेड हो गए हैं।