पंजाबी सिंगर और एक्टर दिलजीत दोसांझ इन दिनों अपने इंडिया टूर को लेकर कई विवादों का सामना कर रहे हैं। उनके हर कॉन्सर्ट से पहले कई तरह की मुसीबतें खड़ी हो रही हैं। कहीं पुलिस की अनुमति, तो कहीं ब्लास्ट की धमकी के चलते सिंगर की टेंशन बढ़ी हुई है। वहीं, अब उनके अपकमिंग अहमदाबाद शो को लेकर भी नया विवाद खड़ा हो गया है। जिला बाल संरक्षण अधिकारी ने दिलजीत दोसांझ के चार फेमस गानों को कॉन्सर्ट में शामिल न करने की मांग की है। इन गानों के बोल पर आपत्ति जताते हुए उन्होंने ये मांग रखी है।
दिलजीत के अहमदाबाद कॉन्सर्ट पर क्या है विवाद?
दरअसल, अधिकारियों का मानना है कि इन गानों में शराब, नशे और हिंसा को बढ़ावा देने वाली बातें हैं, जिनका बच्चों पर गलत असर पड़ सकता है। इस मामले में अहमदाबाद के जिला बाल संरक्षण अधिकारी ने पुलिस कमिश्नर को लेटर लिखकर चार गानों को कॉन्सर्ट की लिस्ट से हटाने की अपील की है। इन गानों के नाम हैं- पटियाला पेग, 5 तारा ठेके, जेब विचो फीम लब्बिया और जट्ट फायर करदा। अधिकारी का कहना है कि इन गानों में शराब, नशीले पदार्थों और हथियारों से जुड़ी बातों को बढ़ावा देने का आरोप है।
इन 4 गानों को गाने की अनुमति न देने की मांग
इतना ही नहीं प्रशासन ने ये भी कहा है कि अगर दिलजीत इन गानों के बोल बदल भी देते हैं, तब भी इन्हें मंच पर गाने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए। इसके लिए केंद्र सरकार के 'नशा मुक्त भारत अभियान' और पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट की 2019 की टिप्पणी का तर्क दिया गया है। आपको बता दें, ये पहली बार नहीं है जब दिलजीत के गानों को लेकर उनके कॉन्सर्ट से पहले इस तरह की आपत्ति जताई गई है। इससे पहले इंदौर में 15 नवंबर को होने वाले कॉन्सर्ट को लेकर भी महिला एवं बाल विकास विभाग ने इसी तरह का पत्र जारी किया था। विभाग ने कहा था कि कॉन्सर्ट में इन चारों गानों को शामिल न किया जाए। उन्होंने भी गानों के बोल और बच्चों पर उनके बुरे असर को लेकर चिंता जताई थी। यानी अहमदाबाद से पहले इंदौर में भी दिलजीत दोसांझ को इसी तरह की परेशानी का सामना करना पड़ा था।
दिलजीत के ऑरा इंडिया टूर 2026 का शेड्यूल
भले ही कंट्रोवर्सी बढ़ती जा रही है, लेकिन दिलजीत दोसांझ का 'ऑरा इंडिया टूर 2026' भी सुपरहिट साबित हो रहा है। इस टूर में वो देश के अलग-अलग शहरों में लाइव परफॉर्मेंस देने वाले हैं। उनके आने वाले कॉन्सर्ट की डिटेल्स कुछ इस प्रकार हैं-
- 15 नवंबर – इंदौर
- 21 नवंबर – अहमदाबाद
- 27 नवंबर – मुंबई
- 29 नवंबर – बेंगलुरु
- 5 दिसंबर – चंडीगढ़
दिलजीत के कॉन्सर्ट को लेकर फैंस के बीच एक्साइटमेंट साफ नजर आ रही है। वहीं, अहमदाबाद में गानों को लेकर उठे इस विवाद के बाद सबकी नजर इस बात पर रहेगी कि सिंगर अपने शो में कौन-कौन से गाने गुनगुनाते हुए नजर आएंगे।