मशहूर पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ के इंदौर कॉन्सर्ट को लेकर पहले से विवाद चल रहा था जो अब एक नए मोड़ पर पहुंच गया है। कॉन्सर्ट से पहले मध्य प्रदेश हाईकोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी भरा ई-मेल भेजा गया है। बताया जा रहा है कि मध्य प्रदेश हाईकोर्ट की ऑफिशियल ई-मेल आईडी पर एक धमकी भरा मैसेज भेजा गया है। इसमें दावा किया गया कि 15 नवंबर को इंदौर में होने वाले दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट के स्टेज को बम से निशाना बनाया जाएगा। इस मेल की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है।
विदेशी नेटवर्क से भेजा गया मेल?
पुलिस ने अपनी शुरुआती जांच में ईमेल का आईपी एड्रेस किसी विदेशी नेटवर्क से जुड़े होने का शक जताया है। हालांकि, अभी तक ईमेल भेजने वाले शख्स की असली पहचान और उसकी लोकेशन सामने नहीं आ पाई है। पुलिस अब टेक एक्सपर्ट्स की मदद से डिजिटल सुराग जुटा रहे हैं, ताकि इस धमकी के पीछे कौन है ये पता लगाया जा सके और उस शख्स तक पहुंचा जा सके। धमकी मिलने के बाद ग्वालियर पुलिस ने हाईकोर्ट परिसर के आसपास और साथ ही न्यायाधीशों के आवासों की सुरक्षा भी बढ़ाई दी है।
पहले भी स्कूलों और मेयर ऑफिस को मिली धमकी
ग्वालियर के पुलिस प्रमुख सुकीर्ति सोमवंशी ने दिलजीत दोसांझ के इंदौर कॉन्सर्ट को लेकर मिले धमकी भरे ईमेल की पुष्टि की है। पुलिस का ये भी कहना है कि इस मामले की जांच में कोई ढिलाई नहीं बरती जा रही है। आपको बता दें, दिलजीत दोसांझ के इंदौर कॉन्सर्ट को लेकर ये पहली धमकी नहीं है। इससे पहले 2 नवंबर को शहर के तीन प्राइवेट स्कूलों और मेयर के कार्यालय को भी धमकी भरे ईमेल मिले थे। इनमें कॉन्सर्ट के दौरान बम धमाके की चेतावनी दी गई थी। बाद में बम डिस्पोजल स्क्वाड ने स्कूलों की तलाशी ली थी, लेकिन वहां कोई विस्फोटक या संदिग्ध सामग्री नहीं मिली।
विवादों के बीच दिलजीत ने किया इंदौर आने का ऐलान
लगातार मिल रही धमकियों के बाद भी दिलजीत दोसांझ ने अपने फैंस को यकीन दिलाया है कि वो 15 नवंबर को इंदौर में परफॉर्म करेंगे। हाल ही में उन्होंने इंदौर के मशहूर पोहे का जिक्र करते हुए कहा था कि इंदौर पहुंचकर सबसे पहले वो पोहा खाएंगे और अपने फैंस से मिलेंगे। आपको बता दें, दिलजीत का ये कॉन्सर्ट उनके 'ऑरा इंडिया टूर 2026' का हिस्सा है। इस कॉन्सर्ट में कुछ गानों पर रोक भी लगाई गई है। अब हाईकोर्ट को मिले नए धमकी भरे ईमेल ने इस मामले को एक बार फिर गंभीर बना दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।