पॉपुलर टीवी एक्ट्रेस दिव्यांका त्रिपाठी ने सोशल मीडिया पर एक दर्दनाक हादसे का खुलासा किया है। एक्ट्रेस के साथ दिवाली पर क्या हुआ ये जानकर उनके फैंस भी हैरान रह जाएंगे। ये दिवाली दिव्यांका त्रिपाठी और उनके परिवार के लिए खुशियां नहीं बल्कि मातम लेकर आई। इस दिन उन्होंने एक हादसे में अपने करीबी को खो दिया। इस बारे में अब खुद दिव्यांका त्रिपाठी ने जानकारी दी है। इस वक्त एक्ट्रेस काफी भावुक हैं और उनका दुख एक पोस्ट में साफ झलक रहा है। कुछ देर पहले दिव्यांका ने एक पोस्ट शेयर कर दुखद खबर सुनाई है।
मातम में बदली दिव्यांका त्रिपाठी की दिवाली!
आपको याद होगा कि जब विवेक और दिव्यांका अपने बच्चों को जन्म के बाद घर लेकर आए थे, तो सोशल मीडिया पर बिल्डिंग के एक सिक्योरिटी गार्ड का वीडियो खूब वायरल हुआ था। दिव्यांका ने बड़े ही प्यार से उस गार्ड को अपने बच्चों का मुंह दिखाया था और उन्होंने खुश होकर बच्चों को अपना आशीर्वाद भी दिया था। अब वो गार्ड इस दुनिया में नहीं रहे। दिवाली के दिन बिल्डिंग में लगी आग से उनकी जान चली गई। ये आग कितनी भयानक थी इसका वीडियो भी दिव्यांका ने इस पोस्ट में शेयर किया है। वीडियो में आग की लेज लपटे देखने को मिल रही हैं।
दिवाली पर बिल्डिंग में लगी भयानक आग
इस पोस्ट को शेयर करते हुए दिव्यांका ने लिखा, 'कुछ नुकसान अपने पीछे ऐसी खामोशी छोड़ जाते हैं जो कभी नहीं जाती। जब हम अपने बच्चों को पहली बार घर लाए, तो उनका स्वागत करने और उन्हें आशीर्वाद देने वालों में सबसे पहले हमारी बिल्डिंग के गार्ड, हमारे प्यारे धनपत अंकल थे। हमने आने वाले सालों के बारे में सोचा था... कि वो हमारे बेटों को बड़े होते देखेंगे, बच्चे अपने धनपत अंकल के साथ खेलेंगे और ऐसे ही अनगिनत छोटे मोमेंट्स होंगे जिन्हें हमने बिना सोचे-समझे फॉर ग्रांटेड ले लिया था। हमने कभी नहीं सोचा था कि वो मोमेंट्स सिर्फ सपने बनकर रह जाएंगे।'
गार्ड ने निधन से भावुक हुईं दिव्यांका
दिव्यांका ने आगे लिखा, 'दीवाली और विवेक के बर्थडे से एक रात पहले, हमारी बिल्डिंग में भीषण आग लग गई। उस शाम हमारा बाहर जाने का प्लान था, लेकिन किसी न किसी वजह से हमारे प्लान्स टलते चले गए। जब ये हादसा हुआ तब हम घर पर ही थे, इसी वजह से हमें समय रहते खतरे का पता चला और हम अपने बच्चों, परिवार और स्टाफ के साथ बाहर निकल पाए। कुछ समय के लिए हमें लगा कि हम बस एक डरावनी याद और कुछ नुकसान के साथ बच निकले। लेकिन फिर हमने धनपत अंकल के बारे में सुना। विवेक और मेरे लिए इस खबर को एक्सेप्ट करना बहुत मुश्किल था। हम यही उम्मीद और प्रार्थना कर रहे कि काश ये सच न हो। उस दिवाली आग ने हमारे घर की रोशनी को फीका कर दिया, लेकिन एक अनमोल जान जाने से हमारे दिलों में ऐसा अंधेरा हुआ जिसे कोई भी रोशनी दूर नहीं कर सकती।'
बच्चों और गार्ड को लेकर कही ये बात
दिव्यांका ने बेहद भावुक होते हुए लिखा, 'उस रात के बारे में बात करने के लिए हमें शब्द ढूंढने में भी काफी समय लगा। धनपत अंकल, आप सिर्फ हमारी बिल्डिंग के गार्ड नहीं थे। आप हमारी रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा थे, एक ऐसे इंसान जिस पर हम भरोसा करते थे, जिसके साथ हमने अपने बच्चों का आने वाला कल इमेजिन किया था। हम आपको बहुत याद करेंगे और जब हमारे बेटे थोड़े बड़े हो जाएंगे, तो हम उन्हें उस नेक इंसान के बारे में बताएंगे जिसने आशीर्वाद देकर उनका घर में स्वागत किया था। हमें किसी को भी हमारे जीवन में फॉर ग्रांटेड नहीं लेना चाहिए। ईश्वर आपकी आत्मा को शांति दे।'