टीवी के पॉपुलर कपल ईशा सिंह और अविनाश मिश्रा को किसी की नजर लग गई है। कुछ दिनों पहले अविनाश ने 'खतरों के खिलाड़ी सीजन 15' की ट्रॉफी जीती थी। इस दौरान ईशा सिंह भी इस स्पेशल मोमेंट पर उनके साथ नजर आई थीं। दोनों की केमिस्ट्री को देख फैंस फिदा हो गए थे। इसके बाद पार्टी में दोनों के बीच सबके सामने प्यार का इजहार हुआ और अब एक रियलिटी शो में ईशा और अविनाश ने अपने रिश्ते पर मुहर भी लगा दी। हालांकि, अब इन दोनों का ब्रेकअप हो गया है। इसी बीच अब ईशा सिंह की मां का एक कथित वीडियो भी सोशल मीडिया पर खूब सुर्खियां बटोर रहा है। इस वीडियो में ईशा की मां ने ऐसे खुलासे किए हैं, जिसे सुनकर फैंस को भी यकीन नहीं हो रहा।
ईशा सिंह की मां का क्लिप हुआ वायरल!
ईशा के अविनाश को इंस्टाग्राम पर अनफॉलो करने के बाद उनकी मां रेखा सिंह की ऑडियो क्लिप ने ब्रेकअप को कन्फर्म कर दिया है। बता दें, सोशल मीडिया पर एक ऑडियो क्लिप तेजी से वायरल हो रहा है और इसे ईशा सिंह की मां का बताया जा रहा है। इस कथित ऑडियो में वो अविनाश पर संगीन आरोप लगाती हुई सुनाई दे रही हैं। एक मां होने के नाते बेटी को तकलीफ में देख उनकी आवाज में दर्द साफ सुनाई दे रहा है। इस क्लिप में ईशा की मां ने खुलासा किया कि अविनाश ने उनकी बेटी को चीट कर दिया है।
अविनाश के धोखे से तकलीफ में ईशा!
वायरल ऑडियो क्लिप में एक महिला अविनाश का नाम लेते हुए नाराजगी जाहिर कर रही हैं। ऑडियो में वो कहती हैं- 'उसने ओके करा, चीजें आगे बढ़ीं, तभी हम लोग तैयार हुए... नहीं तो कोई मां अपनी बेटी को ऐसे प्लेटफॉर्म पर ये सब बोलने के लिए तो नहीं भेज देगी! हां, आज अगर अविनाश को लेकर कुछ बोला जाता, तो मैं उसके साथ जरूर खड़ी होती क्योंकि वो मेरी फैमिली का होने वाला मेंबर होता। लेकिन इस बीच जो चीजें हुईं, चीट हुआ और जो भी चीजें हुईं... आज ये सब चीजें फैलाए जाने से कोई मतलब नहीं, क्योंकि मेरी बेटी जिस तकलीफ से निकली, या पूरी फैमिली ने उसे जिस तरह से संभाला या जिस दर्द में वो गई और जो हमारे घर का हालात और माहौल था...। हम कोशिश कर रहे थे कि उसका दिमाग शांत हो जाए।'

अविनाश मिश्रा ने तोड़ी चुप्पी
इस क्लिप के वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा है कि अविनाश ने ईशा को धोखा दिया है और इसके बार में पता चलते ही एक्ट्रेस ने ये रिश्ता खत्म कर दिया। हालांकि, अभी तक इस बात की पुष्टि नहीं हुई है कि इस क्लिप में आ रही आवाज वाकई ईशा सिंह की मां की है। दूसरी तरफ अब अविनाश मिश्रा ने सोशल मीडिया पर एक बयान जारी कर मीडिया से प्राइवेसी की मांग की है। साथ ही एक्टर ने आगे बढ़ने की बात करते हुए लिखा है कि पिछले कुछ हफ्ते कई लोगों के लिए मुश्किल रहे हैं। रिश्ते पर्सनल होते हैं, ये कोई पब्लिक एंटरटेनमेंट नहीं होता। इसके अलावा अविनाश ने लोगों से शांति से जीने देने की मांग भी की है।