बॉलीवुड की मशहूर डायरेक्टर और कोरियोग्राफर फराह खान एक वायरल वीडियो को लेकर चर्चा में आ गई हैं। दिवाली के दिन सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ, जिसमें एक बिल्डिंग में आग लगी दिखाई दे रही थी। दावा किया गया कि ये आग फराह खान के घर में लगी है। इस खबर के सामने आने के बाद उनके फैंस भी परेशान हो गए। सोशल मीडिया पर ज़बरदस्त टेंशन का माहौल बन गया। इस खबर के तूल पकड़ने के बाद अब फराह खान ने खुद सामने आकर इन खबरों की सच्चाई बताई है और गलत जानकारी फैलाने वाले ऑनलाइन पोर्टल्स को जमकर फटकार लगाई है।

वायरल वीडियो देख डरे फैंस

दरअसल, 8 नवंबर को सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया, जिसमें एक बिल्डिंग में आग की लपटें दिखाई दे रही थीं। वीडियो के साथ दावा किया गया कि दिवाली के दिन फराह खान की बिल्डिंग में आग लग गई है। देखते ही देखते ये वीडियो कई सोशल मीडिया पेज और न्यूज पोर्टल्स पर शेयर होने लगा। जब ये मामला फराह खान तक पहुंचा तो उन्होंने खुद इस पर रिएक्शन दिया है। फराह ने वायरल वीडियो को अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर शेयर करते हुए साफ किया कि जिस बिल्डिंग में आग दिखाई दे रही है, वो उनका घर नहीं बल्कि एक अंडर कंस्ट्रक्शन बिल्डिंग है। 

फराह ने लगाई फटकार

फराह खान ने गलत खबरें फैलाने वाले पोर्टल्स पर नाराजगी जाहिर करते हुए लोगों से बिना इन्वेस्टिगेशन के ऐसी खबरें न फैलाने की अपील की। फराह ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए मीडिया पोर्टल्स को जिम्मेदारी से काम करने की सलाह दी है। उन्होंने लिखा, 'ऑनलाइन पोर्टल्स, प्लीज जिम्मेदार बनिए! ये एक अंडर कंस्ट्रक्शन बिल्डिंग है। सिर्फ क्लिकबेट के लिए कुछ भी करना सही नहीं है।' उनके इस रिएक्शन से साफ जाहिर हो रहा है कि वो अपने घर को लेकर फैलाई जा रही झूठी खबरों से नाराज हैं। 

व्लॉग से बढ़ रही फराह की पॉपुलैरिटी 

आपको बता दें, फराह खान मुंबई के लोखंडवाला इलाके में ओबेरॉय स्काई हाइट्स में रहती हैं। वो अक्सर अपने सोशल मीडिया और यूट्यूब व्लॉग के जरिए फैंस के साथ अपने घर की झलक शेयर करती रहती हैं। फराह बॉलीवुड की बेहद पॉपुलर डायरेक्टर, कोरियोग्राफर और टीवी पर्सनैलिटी हैं। फिल्मों के अलावा फराह इन दिनों अपने यूट्यूब व्लॉग्स को लेकर भी काफी चर्चा में रहती हैं। उनके वीडियोज में बॉलीवुड सेलेब्स के घर की झलक, उनके मजेदार किस्से और कुकिंग वाले खास मोमेंट देखने को मिलते हैं।