एकता कपूर के पॉपुलर शो 'नागिन' के नए सीजन को लेकर काफी बज बना हुआ है। 'नागिन सीजन 9' शुरू होने से पहले लीड एक्ट्रेस के नाम को लेकर कयास लगाए जा रहे हैं। हर बार नए सीजन की शुरुआत से पहले कई एक्ट्रेस के नाम सामने आते हैं। इस बार भी कुछ ऐसा ही देखने को मिल रहा है। अब 'बिग बॉस 19' फेम फरहाना भट्ट का नाम 'नागिन सीजन 9' की लीड एक्ट्रेस के तौर पर सामने आ रहा है। टीवी की दुनिया में ऐसी चर्चा चल रही हैं कि 'खतरों के खिलाड़ी' के बाद फरहाना अब एकता कपूर के शो में नजर आ सकती हैं।
क्या फरहाना भट्ट बनेंगी 'नागिन'?
इन रूमर्स की वजह से फैंस के बीच एक्साइटमेंट काफी ज्यादा बढ़ गई है। इस पॉपुलर सुपरनैचुरल फ्रेंचाइजी की कास्ट को लेकर सोशल मीडिया पर तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। खबरें हैं कि एकता कपूर ने फरहाना को अपने शो का ऑफर दिया है। अब इन दावों में कितनी सच्चाई है, वो तो खुद फरहाना भट्ट ने बता दिया है। एक्ट्रेस ने खुद इन रूमर्स पर चुप्पी तोड़ दी है और फैंस को सब सच-सच बता दिया। फरहाना ने इन अफवाहों को फैलता देख सोशल मीडिया पर एक बयान जारी किया है।
फरहाना भट्ट ने सच से उठाया पर्दा
एक्ट्रेस ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक नोट शेयर कर लिखा, 'मैं बस ये क्लैरिफाई करना चाहती हूं कि मेरे 'नागिन' का हिस्सा होने को लेकर काफी अटकलें लगाई जा रही हैं। मैं इन अफवाहों को खारिज करना चाहती हूं- इनमें कोई सच्चाई नहीं है और मैं इस प्रोजेक्ट से नहीं जुड़ी हूं। हालांकि, 'नागिन' की पूरी टीम को मेरा ढेर सारा प्यार और उनके इस नए सफर के लिए बहुत-बहुत शुभकामनाएं। मैं जल्द ही अपने अपकमिंग प्रोजेक्ट्स के बारे में कुछ एक्साइटिंग अपडेट्स आप सभी के साथ शेयर करने के लिए उत्सुक हूं। आप सभी के प्यार और दिलचस्पी के लिए धन्यवाद। तब तक, जुड़े रहें!'

तान्या मित्तल का नाम भी आया सामने
अब फरहाना ने तो साफ कर दिया है कि वो एकता कपूर के इस शो का हिस्सा नहीं हैं। ऐसे में एक बार फिर सवाल यही खड़ा होता है कि 'नागिन सीजन 9' में लीड एक्ट्रेस कौन होगी? आपको बता दें, पिछले सीजन भी फैंस को लगा था कि 'बिग बॉस' फेम तान्या मित्तल एकता कपूर के इस सुपरहिट शो की एक्ट्रेस बनेंगी। दरअसल, 'बिग बॉस' के घर में जाकर एकता ने अनाउंस किया था कि वो तान्या मित्तल के साथ काम करना चाहती हैं और तान्या भी टीवी शोज करने में दिलचस्पी दिखाई रही थीं। हालांकि, तान्या को टीवी की 'नागिन' बनने का मौका अभी तक नहीं मिला।