टीवी दुनिया के एक कंट्रोवर्शियल रिश्ते ने नया मोड़ ले लिया है। इस इंडस्ट्री में कब दोस्ती होती है और कब दुश्मनी पता ही नहीं चलता। कभी-कभी कुछ रिश्ते पर्दे पर खूबसूरत नजर आते हैं, लेकिन असल जिंदगी में उनकी कहानी कुछ अलग ही होती है। ऐसा ही रिश्ता हिना खान और प्रोड्यूसर राजन शाही का भी रहा है। दोनों ने कई साल तक साथ काम किया और फिर अचानक दोनों में अनबन की खबरें सामने आने लगीं। लम्बे समय से इन दोनों का नाम विवादों में रहा। अब करीब एक दशक बाद दोनों की एक साथ तस्वीर ने फैंस को हैरान कर दिया है।  

हिना खान और राजन शाही की मिट गई दुश्मनी!

आपको बता दें, अब हिना खान और राजन शाही की एक फोटो सामने आई है। इस फोटो में दोनों साथ दिखाई दे रहे हैं, जो फैंस को चौंका रहा है। दिवाली के मौके पर एक पार्टी में हिना खान और राजन शाही की मुलाकात हुई और दोनों आमने-सामने आए। ऐसे में दोनों को एक ही फ्रेम में भी देखा गया। अब जो तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है वो खुद राजन शाही की बेटी इशिका शाही ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर शेयर की है। तस्वीर सामने आते ही फैंस के बीच गॉसिप शुरू हो गई। ये फोटो देखकर लोगों को लग रहा है कि हिना खान और राजन शाही के बीच रिश्ते सुधर गए हैं। इतना ही नहीं कुछ फैंस तो ये उम्मीद भी जगा बैठे हैं कि आने वाले समय में दोनों किसी नए प्रोजेक्ट में साथ काम कर सकते हैं। 

क्यों हुई थी हिना और राजन शाही की अनबन?

अगर इन दोनों के बीच आई खटास की बात करें तो बता दें, हिना ने अपने करियर की शुरुआत साल 2009 में राजन शाही के शो 'ये रिश्ता क्या कहलाता है' से की थी। इस शो में अक्षरा के किरदार ने उन्हें घर-घर में पहचान दिलाई। करीब 8 साल तक ये शो करने के बाद हिना ने साल 2016 में ये शो छोड़ दिया। वहीं, अप्रैल 2024 में एक इंटरव्यू में राजन शाही ने इस बारे में खुलकर बात की थी। उन्होंने दावा किया कि शो के आखिरी कुछ महीनों में शूटिंग के समय और स्क्रिप्ट को लेकर समस्याएं होने लगी थीं। राजन शाही ने ये भी रिवील किया था कि हिना ने शिवांगी जोशी के किरदार नायरा की तारीफ में लिखे डायलॉग बोलने से मना कर दिया था। इसके बाद सेट पर मामला बिगड़ा और हिना को शो से बाहर कर दिया गया। 

हिना ने कबूली थी अनबन की खबर 

इस कंट्रोवर्सी पर हिना खान ने भी जून 2024 में दिए इंटरव्यू में अपना पक्ष रखा था। उन्होंने खुस ये बात मानी थी कि उन्होंने ये शो अच्छे टर्म्स पर नहीं छोड़ा था। हिना ने उस वक्त ये भी कहा था कि वो शो के मेकर्स की इज्जत करती हैं। उन्होंने अपने पिता के कहने पर शो से जुड़े किसी भी शख्स के बारे में कभी गलत नहीं कहा।