रोज नहाना है ये तो सभी को पता है, लेकिन गर्म पानी से नहाएं या ठंडे से, ये सवाल थोड़ा कंफ्यूज कर देता है। कोई कहता है कि गर्म पानी से नहाना चाहिए, तो कोई कहता है कि ठंडे पानी से नहाना बेहतर होता है। ऐसे में नहाने वाले पानी के तापमान को लेकर हर किसी की अलग-अलग राय देखने को मिलती है। आपको बता दें, गर्म और ठंडे दोनों ही पानी से नहाने के अपने-अपने फायदे और नुकसान हैं। आपको किससे नहाना चाहिए ये फैसला कई चीजों पर निर्भर करता है। तो चलिए जानते हैं इसके क्या फायदे और नुकसान होते हैं।
गर्म पानी से नहाने के फायदे
गर्म पानी से नहाने में अक्सर लोगों को काफी मजा आता है। गर्म पानी से नहाने पर मांसपेशियों में जो तनाव महसूस हो रहा होता है, वो दूर हो जाता है। इससे थकान मिट जाती है, दर्द में राहत महसूस होती है, बंद नाक भी खुल जाती है और सर्दी-जुकाम में भी कुछ देर के लिए राहत मिल जाती है। साथ ही गर्म पानी से नहाकर ब्लड सर्कुलेशन बेहतर होता है। नींद आने में तकलीफ हो तो गर्म पानी से नहाकर नींद भी अच्छी आती है और सिरदर्द की समस्या भी ठीक हो सकती है। यानी नहाने में गर्म पानी का इस्तेमाल कर आप बेहद ही अच्छा मेहसूस करते हैं।
गर्म पानी से नहाने के नुकसान
अगर आप रोज गर्म पानी से नहाते हैं तो आपकी स्किन ड्राई या डैमेज भी हो सकती है। इसके कारण आपको खुजली या दाद की समस्या भी हो सकती है। बाल और स्कैल्प भी ड्राई हो जाते हैं, जिसके कारण बालों के झड़ने की शिकायत भी बढ़ सकती है। हाइपरटेंशन वालों का ब्लड प्रेशर बढ़ने का भी खतरा रहता है। अगर आप गर्मियों में गर्म पानी से नहाते हैं तो ये नुकसान ज्यादा दिखाई देते हैं। अगर गर्म पानी से नहाने का मन है, तो आपको इस बात का खास ख्याल रखना चाहिए कि पानी इतना गर्म न हो कि आपकी स्किन जल जाए। आप गुनगुने पानी से नहा सकते हैं।
ठंडे पानी के फायदे
ठंडे पानी से नहाने पर आपको तुरंत ताजगी महसूस होती है, साथ ही नींद भी खुल जाती है। अक्सर जब लोग थका हुआ महसूस करते हैं और उन्हें जागने में समस्या होती है तो वो तुरंत मुंह पर ठंडे पानी की छींटे डालते हैं। शरीर के अंगों को ऑक्सीजन भी बेहतर तरीके से मिल पाता है। ठंडा पानी ओपन पोर्स को कसता है, जिससे मुंहासे नहीं होते। ठंडे पानी से बालों के क्यूटिकल्स बंद हो जाते हैं और इससे बाल की मजबूती बनी रहती है।
ठंडे पानी के नुकसान
अगर आप सर्दियों में ठंडे पानी से नहाते हैं तो आपको ठंड लग सकती है और जुकाम या बुखार भी हो सकता है। ज्यादा ठंडे पाने से नहाने से शरीर अकड़ सकता है। पानी ज्यादा ठंडा हो तो सांसें तेज हो सकती हैं, जिससे आपको घबराहट होने लगती है। इससे ब्लड वेसल्स सुकड़ जाती हैं और हार्ट अटैक का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में आपको अपनी शारीरिक परिस्तिथि और मौसम को देखते हुए चुनाव करना चाहिए कि नहाने का पानी गर्म होना चाहिए या ठंडा।