Rahul Gandhi On Indian Economic: लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने अमेरिका के अपने दो दिवसीय दौरे के दौरान न्यूयॉर्क के कोलंबिया यूनिवर्सिटी में विद्यार्थियों एवं फैकल्टी को संबोधित करते हुए देश की आर्थिक और चुनावी व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि भारत इस समय गंभीर आर्थिक संकट की ओर बढ़ रहा, जिसकी मुख्य वजह बड़े पैमाने पर फैली बेरोजगारी और हमारी शिक्षा प्रणाली की गंभीर खामियां हैं।
1. SIR के खर्च पर खड़े किए सवाल
राहुल गांधी ने स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) अभियान को सामान्य प्रशासनिक प्रक्रिया से बिल्कुल अलग बताया। उन्होंने कहा कि इस अभियान में जितना बेहिसाब पैसा खर्च किया गया, वह अनुमानित लागत से 20, 30, 40 या फिर 50 गुना तक ज्यादा था। उन्होंने कहा कि आखिरकार इतना भारी-भरकम पैसा कहां से आया और इस खर्च के पीछे का सच देश के सामने आना चाहिए।
2. चुनावी नतीजों में वोटों के भारी अंतर को बताया असंभव
कांग्रेस सांसद ने चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि अचानक से 5 लाख वोटों का मार्जिन मिलना किसी भी गणित के हिसाब से संभव नहीं है। चुनावी नतीजों और आंकड़ों को लेकर कांग्रेस पार्टी के पास पुख्ता सवाल हैं। उन्होंने दावा किया कि उनकी पार्टी के पास चुनावी धांधली और गड़बड़ियों के कई ठोस सबूत मौजूद हैं, जिन्हें जल्द सबके सामने लाया जाएगा।
3. चुनावी व्यवस्था में सुधार लोकतंत्र की बुनियाद
राहुल गांधी ने कहा कि देश की मौजूदा चुनावी व्यवस्था को पूरी तरह से दुरुस्त करने की सख्त जरूरत है। बिना चुनावी प्रक्रिया को ठीक किए देश में निष्पक्ष व्यवस्था कायम नहीं हो सकती। उन्होंने स्पष्ट किया कि निष्पक्ष चुनाव ही लोकतंत्र की असली बुनियाद होते हैं, इसलिए इस प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता होना अनिवार्य है।
4. युवाओं में भविष्य को लेकर बढ़ती निराशा और आर्थिक स्थिति
उन्होंने युवाओं के भविष्य को लेकर चिंता जताते हुए कहा कि आज के युवाओं में देश के मौजूदा हालातों को लेकर गहरी निराशा है। इनमें एक बड़ा वर्ग मध्यम वर्गीय परिवारों से आता है, जिन्होंने अच्छी औपचारिक शिक्षा भी हासिल की है। इस पूरे मसले पर अध्ययन किया जा रहा कि आखिर क्यों आज के युवाओं को अपना भविष्य धुंधला नजर आ रहा।
युवा और मां-बाप के बीच बढ़ती वैचारिक दूरी
कॅरियर और जीवन के नजरिए को लेकर राहुल गांधी ने दिलचस्प सामाजिक पहलू पर बात की। उन्होंने कहा कि आज के युवाओं और उनके मां-बाप के बीच सोच का फासला बढ़ रहा। युवा पिछली पीढ़ी की सलाह तथा पुराने अनुभवों पर खुलकर सवाल उठा रहा। युवा अपने मां-बाप से दो टूक कह रहा कि उनका पुराना फॉर्मूला आज के आधुनिक दौर में काम नहीं आ सकता, क्योंकि अब दुनिया पूरी तरह बदल चुकी है। कोलंबिया यूनिवर्सिटी के बाद राहुल गांधी का आज शिकागो यूनिवर्सिटी का भी दौरा है। वहां वे आधुनिक समय की चुनौतियों और राजनीतिक-आर्थिक बदलावों पर चर्चा करेंगे।
भारतीय अर्थव्यवस्था और रोजगार के ताजा आंकड़े
राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (NSO) की तरफ से जारी आवधिक श्रम बल सर्वेक्षण (PLFS) रिपोर्ट बताती है कि देश में रोजगार के मोर्चे पर कुछ सुधार दर्ज किए गए हैं। आवधिक श्रम बल सर्वेक्षण (PLFS) के आंकड़ों के मुताबिक देश की कुल बेरोजगारी दर में सुधार देखा गया है। वैसे, शिक्षित युवाओं में रोजगार की उम्मीदों और वास्तविक अवसरों के बीच का यह अंतर अब भी नीति निर्माताओं के लिए एक बड़ी चुनौती बना है। इसके अतिरिक्त भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की वार्षिक रिपोर्ट में यह बात सामने आई है कि वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच भारतीय अर्थव्यवस्था अपनी मजबूती बनाए रखने की कोशिश कर रही, लेकिन जमीनी स्तर पर रोजगार सृजन की रफ्तार को लेकर युवाओं की चिंताएं अपनी जगह कायम हैं।