बॉलीवुड एक्ट्रेस जूही चावला ने मुंबई की हवा को लेकर एक चिंताजनक पोस्ट शेयर किया है। मुंबई की हालत पर अब एक्ट्रेस ने चिंता जाहिर की है। जूही चावला का कहना है कि पिछले कई दिनों से शहर में एक अजीब सी स्मेल महसूस हो रही है, जो जले हुए ईंधन, डीजल या केरोसिन जैसी लगती है। एक्ट्रेस ने बताया कि वो कई दिनों से इस पर ध्यान दे रही हैं और सुबह से लेकर दिन भर के अलग-अलग समय पर उन्हें ये ईंधन जैसी महक महसूस हुई है। एक्ट्रेस ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर मुंबई के लोगों से पूछा कि क्या उन्हें भी ऐसी ही बदबू महसूस हो रही है।
जूही ने उठाया प्रदूषण का मुद्दा
जूही की इस पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर चर्चा शुरू हो गई। जहां कुछ लोगों ने जूही की इस चिंता को गंभीरता से लिया, वहीं कई यूजर्स ने मजेदार कमेंट्स करके लोगों का ध्यान खींच लिया है। आपको बता दें, जूही चावला ने गुरुवार, 12 नवंबर को अपने एक्स अकाउंट पर एक पोस्ट शेयर की थी। उनकी इस पोस्ट ने मुंबई में हवा की गुणवत्ता को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। इस वक्त प्रदूषण ने बुरा हाल है और इसके कारण लोग बीमार भी पड़ रहे हैं।
इस साल 28% बढ़ा प्रदूषण का लेवल
आपको बता दें, जूही चावला की ये चिंता उस समय हुई, जब दिवाली के बाद मुंबई की हवा की गुणवत्ता में गिरावट दर्ज की गई है। रिपोर्ट के मुताबिक, 9 नवंबर को मुंबई का AQI 171 तक पहुंच गया था। पिछले साल दिवाली के अगले दिन ये आंकड़ा 134 दर्ज किया गया था। यानी इस बार प्रदूषण का लेवल करीब 28% बढ़ा हुआ देखने को मिला। शहर के आठ मॉनिटरिंग सेंटर पर हवा की गुणवत्ता खराब श्रेणी में दर्ज की गई हैं। दिवाली पर जलाए गए पटाखों से निकलने वाले धुएं को भी प्रदूषण बढ़ने का बड़ा कारण बताया गया है।
जूही के सवाल पर लोगों के रिएक्शंस
जूही चावला की पोस्ट पर अब सोशल मीडिया यूजर्स ने अलग-अलग तरह से रिएक्ट किया है। कुछ लोगों ने उनकी चिंता को समझा, तो कुछ बस मजाकिया अंदाज में जवाब देते हुए नजर आए। एक यूजर ने लिखा कि 'शायद किसी ने अपना महंगा सामान जला दिया है'। वहीं, दूसरे ने NVIDIA के सीईओ जेन्सेन हुआंग का नाम लेते हुए चीनी चिप्स जलाने की बात कह दी। एक यूजर ने लिखा कि कहीं पड़ोस के घर में पकौड़े तो नहीं बन रहे हैं। इस तरह जूही के पोस्ट पर मजेदार रिएक्शंस की बाढ़ आ गई।