बॉलीवुड एक्ट्रेस और भाजपा सांसद कंगना रनौत अक्सर सोशल मीडिया पर बेबाक टिप्पणियां करती हुई नजर आती हैं। इस बार कंगना के एक भावुक पोस्ट ने लोगों का ध्यान खींच लिया है। एक्ट्रेस ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर कर अपना दुख जाहिर किया है। आखिर उन्हें किस बात से तकलीफ हो रही है और कंगना क्यों उदास हैं, ये भी जान लेते हैं। दरअसल, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी अब इस दुनिया में नहीं रहीं। योगी आदित्यनाथ की जिंदगी में आए इस बड़े तूफान से कंगना भी दुखी हैं।
योगी आदित्यनाथ के घर मातम देख कंगना हुईं उदास
आपको बता दें, योगी आदित्यनाथ के साथ कंगना का बेहद ही खास रिश्ता है। कंगना उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री को अपना भाई मानती हैं और अब जब योगी आदित्यनाथ के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूटा है तो कंगना भी उस दुख में हामिल हो गई हैं। कंगना ने अब अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनकी मां सावित्री देवी की एक बेहद खूबसूरत तस्वीर शेयर की है। इस फोटो में सीएम योगी अपनी मां से आशीर्वाद लेते हुए नजर आ रहे हैं। इस दौरान इन दोनों के चेहरों पर मुस्कान भी नजर आ रही है।

कंगना ने भाई योगी की मां के निधन पर जताया दुख
अब इस पुरानी तस्वीर को शेयर करते हुए कंगना रनौत ने लिखा, 'सबसे ज्यादा दुखद खबर, मेरे भाई योगी जी की माता जी का 91 साल की उम्र में उत्तराखंड में देहांत हुआ। ओम शांति।' इस भावुक संदेश के साथ कंगना ने हाथ जोड़ने वाला इमोजी भी शेयर किया है। इस पोस्ट से साफ समझ आ रहा है कि कंगना भी इस वक्त बेहद इमोशनल हैं। वो योगी जी के दुख को अच्छे से समझ पा रही हैं। आपको बता दें, सिर्फ कंगना ही नहीं बल्कि राजनितिक और बॉलीवुड जगत की तमाम हस्तियों ने सावित्री देवी के निधन पर शोक जताया है।
कैसे हुआ योगी की मां का निधन?
इस वक्त राजनीतिक जगत के साथ-साथ फिल्मी दुनिया में भी शोक का माहौल बना हुआ है। आपको बता दें, योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी ने आज उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के पंचूर गांव में अंतिम सांस ली है। उम्र संबंधी समस्याओं के कारण 91 साल की उम्र में उन्होंने इस दुनिया को हमेशा के लिए अलविदा कह दिया। उनके निधन से परिवार और शुभचिंतकों में शोक की लहर दौड़ गई है।