बॉलीवुड एक्ट्रेस और बीजेपी सांसद कंगना रनौत एक बार फिर अपने बयान को लेकर सुर्खियों में आ गई हैं। इस बार उन्होंने कांग्रेस नेता सोनिया गांधी और गांधी परिवार के राजनीतिक इतिहास पर निशाना साधा है। कंगना ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर कर सोनिया गांधी के राजनीति में आगे बढ़ने पर सवाल उठाए हैं। उनके ताजा बयान ने राजनीतिक गलियारों से लेकर सोशल मीडिया तक पर एक नई बहस छेड़ दी है। कंगना रनौत ने इस बार कांग्रेस सोनिया गांधी को लेकर जो तीखी टिप्पणी की है वो वाकई विवादित लग रही है।
गांधी परिवार के इतिहास और राजनीतिक उत्तराधिकार पर सवाल
आपको बत दें, कंगना रनौत ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए गांधी परिवार के इतिहास और राजनीतिक उत्तराधिकार को लेकर कई सवाल खड़े किए हैं। कंगना रनौत ने अपने इस विवादित पोस्ट में लिखा, 'हर कोई Nvidia हनी ट्रैप कंट्रोवर्सी के बारे में बात कर रहा है, इमरजेंसी के लिए, मैंने भारतीय राजनीति और गांधी परिवार पर बहुत रिसर्च की और मुझे ये मानना होगा कि एक बात जो मैं कभी समझ नहीं पाई, वो ये है कि एक रहस्यमयी विदेशी नागरिक गांधी परिवार में घुस जाता है और इंदिरा गांधी की हत्या हो जाती है, संजय गांधी और राजीव गांधी- जो सत्ता के संभावित उत्तराधिकारी थे- वो भी मारे जाते हैं।'
कंगना ने सोनिया गांधी पर साधा निशाना
कंगना ने अपनी बात पूरी करते हुए आगे लिखा, 'ऐसे में सत्ता के लिए सिर्फ एक ही सहानुभूति पर आधारित विकल्प बचता है, सोनिया गांधी, जो मूल रूप से एक विदेशी नागरिक हैं। लोगों ने इस बात पर ध्यान ही नहीं दिया कि इसमें बहुत सारे संयोग थे, वो विदेशी महिला खुलेआम विदेशी एजेंडे को बढ़ावा देती थी और आतंकवादियों के लिए मगरमच्छ के आंसू बहाती थी, फिर भी वो दशकों तक सरकार चलाती रही- जब तक कि 2014 नहीं आ गया।' आपको बता दें, इसके बाद बीजेपी पावर में आ गई थी और इसी लिए अपने इस पोस्ट में कंगना ने कमल का फूल भी दिखाया है।

गांधी परिवार के 3 सदस्यों की मौत को सोनिया से जोड़ा
अपने पोस्ट में कंगना ने गांधी परिवार के तीन सदस्यों की मौत का जिक्र करते हुए जो तर्क दिए हैं, अब उस पर सोशल मीडिया पर बहस देखने को मिल रही है। आपको बता दें, पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी, संजय गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की हत्या के बाद परिवार की राजनीतिक विरासत में बड़े बदलाव आया था। कंगना ने अब उन इन घटनाओं को कई सवालों से जोड़ते हुए अहम सवाल उठा दिया है। हालांकि, कंगना ने अपने पोस्ट में सोनिया गांधी को इन मौतों से जोड़ने के समर्थन में कोई सबूत नहीं दिया। ऐसे में इन ऐतिहासिक घटनाओं को लेकर किसी भी तरह के निष्कर्ष को तथ्य नहीं माना जा सकता।