बॉलीवुड एक्ट्रेस और भाजपा सांसद कंगना रनौत के नाम पर एक नया विवाद हो गया है। एक बार फिर उन्होंने अपनी बातों से अपने लिए ही मुश्किल खड़ी कर ली है। इस बार मामला गांधी परिवार को लेकर सोशल मीडिया पर की गई उनकी कथित टिप्पणियों से जुड़ा है। कंगना रनौत ने अपने सोशल मीडिया हैंडल से गांधी परिवार को लेकर कुछ ऐसी बातें कह दीं कि अब हिमाचल प्रदेश की शिमला पुलिस ने कंगना के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि कंगना की पोस्ट में गांधी परिवार के लोगों को लेकर आपत्तिजनक और भड़काऊ बातें कही गई थीं, जिससे सामाजिक भाइचारा और सार्वजनिक शांति प्रभावित हो सकती है।
कंगना पर क्यों हुई FIR?
अब पुलिस ने इस शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया है और साथ ही जांच भी शुरू कर दी है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, शिमला के रहने वाले कैप्टन अतुल शर्मा ने कंगना रनौत के खिलाफ हिमाचल प्रदेश पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से शिकायत की थी। उन्होंने आरोप लगाया कि कंगना ने 10 नवंबर को अपने सोशल मीडिया अकाउंट से कुछ ऐसी पोस्ट शेयर की थीं, जिनमें गांधी परिवार को लेकर गंभीर और विवादित हिंट दिए गए थे। शिकायतकर्ता ने अपनी शिकायत में कंगना द्वारा लिख गए इंदिरा गांधी, संजय गांधी और राजीव गांधी के नामों का भी जिक्र किया। उनका कहना है कि इन पोस्ट के जरिए ऐतिहासिक घटनाओं को लेकर शक पैदा करने वाली बातें कही गई हैं, जो पब्लिक्ली गलत मैसेज दे सकती हैं।
कंगना के खिलाफ क्या है शिकायत?
शिकायत में कहा गया है कि कंगना की पोस्ट में सोनिया गांधी को लेकर भी आपत्तिजनक टिप्पणी की गई थी। पोस्ट में सोनिया गांधी को 'रहस्यमयी विदेशी नागरिक' बताते हुए गांधी परिवार के सदस्यों की मौत और उनके राजनीतिक सफर के बीच संबंध जोड़ने की कोशिश की गयी थी। इतना ही नहीं शिकायतकर्ता ने संजय गांधी के निधन के बाद उनकी पत्नी मेनका गांधी को घर से बाहर किए जाने से संबंधित टिप्पणी पर भी आपत्ति जताई है। उनका मानना है कि इस तरह की टिप्पणियां राजनीतिक आलोचना की सीमा को पार करती हैं। उनका कहना है कि इस तरह की पोस्ट समाज में गलतफहमी, तनाव और फूट पैदा कर सकती हैं।
किन धाराओं में दर्ज हुआ कंगना के खिलाफ केस?
शिमला पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की तीन धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। कंगना पर धारा 196 (विभिन्न समूहों के बीच दुश्मनी या वैमनस्य को बढ़ावा देने), धारा 353(2) (सार्वजनिक शांति को प्रभावित करने वाले बयानों और अफवाहों) और धारा 356(2) (मानहानि) लगाई गई हैं। हालांकि, FIR दर्ज होने से कंगना आरोपी साबित नहीं होतीं। वहीं, इस FIR पर अभी तक कंगना का रिएक्शन सामने नहीं आया है।