बॉलीवुड एक्ट्रेस करीना कपूर खान अपने फैशन सेंस के लिए मशहूर हैं। वेस्टर्न आउटफिट हो या ट्रेडिशनल लुक, वो हर अंदाज में अपनी अलग छाप छोड़ती हैं और लोगों का ध्यान खींच लेती हैं। इस दिवाली पर भी करीना ने अपने फैशन सेंस से खूब सुर्खियां बटोरीं। करीना ने दो पोस्ट शेयर किए थे। एक में वो अकेले अपना लुक फ्लॉन्ट करते हुए नजर आई थीं, तो दूसरे में वो पति सैफ अली खान और बच्चों के साथ पोज देते दिखाई दी थीं। इन तस्वीरों में बेबो का रॉयल अंदाज देखने को मिला। हालांकि, इस बार लोगों की नजर उनके कपड़ों से ज्यादा उनके नेकलेस पर टिक गई, जिस पर अब विवाद शुरू हो गया है।

करीना के दिवाली लुक में क्या था खास?

आपको बता दें, दिवाली सेलिब्रेशन के लिए करीना ने मशहूर डिजाइनर पुनीत बलाना का डिजाइन किया हुआ बेज रंग का खूबसूरत कफ्तान पहना था। इस आउटफिट पर चांदी की बारीक कारीगरी की गई थी। इसके साथ उन्होंने मैचिंग पगड़ी पहनी, जिस पर करीब 200 साल पुरानी शाही कलगी सजी हुई थी। करीना के इस पूरे लुक में नवाबी अंदाज साफ नजर आ रहा था। लेकिन उनका हरे रंग का पन्ने वाला पेंडेंट सोशल मीडिया पर गॉसिप की सबसे बड़ी वजह बन गया। 

30 कैरेट के पन्ने पर हुआ विवाद 

करीना के इस नेकलेस में करीब 30 कैरेट का बेशकीमती पन्ना लगा हुआ है। बताया जा रहा है कि इस पन्ने पर इस्लाम की बेहद पवित्र आयत आयतुल कुर्सी उकेरी गई है, जो कुरान की सूरह अल-बकरा की 255वीं आयत है। जैसे ही करीना की तस्वीरें सोशल मीडिया पर सामने आईं, कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने इस पर नाराजगी भी जाहिर की। लोगों का कहना था कि धार्मिक आयतों का विशेष महत्व होता है और उन्हें फैशन एक्सेसरी की तरह पहनने से बचना चाहिए। कुछ यूजर्स ने इसे धार्मिक भावनाओं से जुड़ा मामला बताया, जबकि कई लोगों ने इस पर सवाल उठाए। 

क्या है पेंडेंट का इतिहास?

बता दें, इस पेंडेंट की खासियत इसकी कीमत या खूबसूरती नहीं, बल्कि इसका पुराना शाही इतिहास है। जानकारी के मुताबिक, ये पेंडेंट भोपाल के नवाबी परिवार की विरासत है। इसे बेगम साजिदा सुल्तान से जुड़ी पारिवारिक धरोहर बताया जाता है। शादी के बाद ये विरासत करीना कपूर तक पहुंची। करीना की पगड़ी पर लगी पुरानी कलगी भी पटौदी और भोपाल के शाही परिवार से जुड़ी है। ऐसे में बेबो का दिवाली लुक सिर्फ फैशन तक सीमित नहीं था, बल्कि परिवार की पुरानी विरासत की झलक भी था।