बॉलीवुड की कुछ फिल्में इतनी आइकोनिक होती हैं, जिन्हें सालों बाद भी देखों तो खूब मजा आता है। कुछ फिल्मों का खुमार फैंस पर सालों बाद भी चढ़ा रहता है। ऐसी ही एक फिल्म है करीना कपूर और ऋतिक रोशन स्टारर 'कभी खुशी कभी गम', जो 25 साल बाद एक बार फिर चर्चा में आ गई है। वैसे तो ये फिल्म शुरू से ही लोगों के जहन में ताजा है। इसके गाने हों, कॉस्ट्यूम हों, डायलॉग हों या फिर किरदारों का एटीट्यूड- आज भी लोग इसे रिक्रिएट करते हैं और अपना प्यार जताते हैं। ऐसे में अब K3G फैंस के लिए एक गुड न्यूज है।
करीना कपूर और ऋतिक फिर दिखे साथ
करण जौहर की फिल्म 'कभी खुशी कभी गम' के दो सबसे पसंदीदा किरदार- करीना कपूर खान और ऋतिक रोशन करीब 25 साल बाद अपने आइकॉनिक अंदाज में लौट रहे हैं। करण जौहर ने खुद दोनों का एक वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया है। इसे देखने के बाद फैंस की न सिर्फ पुरानी यादें ताजा हो गई हैं, बल्कि अब वो ये कयास भी लगा रहे हैं कि K3G का सीक्वल आने वाला है। दोनों सेलेब्स को साथ देककर अब फैंस की उम्मीदें बढ़ गई हैं। आपको बता दें, करण जौहर ने कुछ देर पहले अपने इंस्टाग्राम पर एक टीजर वीडियो पोस्ट किया है।
करण ने शेयर किया वीडियो
इसकी शुरुआत करीना कपूर से होती है, जो 'पू' के अंदाज में नजर आ रही हैं। वीडियो में वो लिपस्टिक लगाती हैं और फिर अपनी हील्स और सनग्लासेस उठाती दिखाई दे रही हैं। उनका ये अंदाज देखकर फैंस को 'कभी खुशी कभी गम' की पू की याद आ गई। दूसरी तरफ वीडियो में ऋतिक रोशन भी अपने रोहन रायचंद वाले किरदार में नजर आते हैं। ब्लैक जैकेट और स्टाइलिश लुक में नजर आ रहे ऋतिक के साथ फिल्म का पॉपुलर गाना 'यू आर माई सोनिया' भी सुनाई देता है।
25 साल बाद भी खत्म नहीं हुई कहानी
इस वीडियो को शेयर करते हुए करण जौहर ने लिखा, 'कुछ कहानियां 25 साल बाद भी खत्म नहीं होतीं...'। उनका ये छोटा-सा कैप्शन सोशल मीडिया पर गॉसिप का हॉट टॉपिक बन गया है। फैंस ने कमेंट सेक्शन में अपनी खुशी जाहिर करनी शुरू कर दी है। लोग करीना और ऋतिक को फिल्म में साथ देखने की इच्छा जता रहे हैं। लेकिन सच तो ये है कि टीजर किसी नई फिल्म या सीक्वल के ऐलान नहीं है। टीजर के आखिर में 19 नवंबर 2026 की तारीख भी दिखाई दे रही है। ऐसे में उम्मीद है कि इस दिन किसी बड़े प्रोजेक्ट की अनाउंसमेंट हो सकती है।