बॉलीवुड दिवा करीना कपूर खान अपने फैशन को लेकर एक बड़े विवाद में फंस गई हैं। इस बार उनका दीवाली लुक तारीफों के साथ-साथ एक बड़ी कंट्रोवर्सी की वजह बन गया। करीना ने दीवाली पर भोपाल के शाही परिवार का एक बेहद खास पेंडेंट पहना था। इस पेंडेंट पर कुरान की पवित्र आयत 'आयत-उल-कुर्सी' खुदी हुई है। जब से करीना ने इस पेंडेंट को पहने हुए सोशल मीडिया पर अपनी तस्वीरें शेयर की हैं, उन्हें जमकर ट्रोल किया जा रहा है। अब इसी पेंडेंट को लेकर बेबो को कानूनी नोटिस भी मिल गया हैइस । नोटिस में सोशल मीडिया से तस्वीरें हटाने और पब्लिक्ली माफी मांगने की मांग की गई है।

दीवाली लुक बना करीना की मुसीबत 

आपको बता दें, करीना कपूर ने इस साल दीवाली जश्न के लिए बेहद खूबसूरत और हटके लुक लिया था। उन्होंने डिजाइनर पुनीत बलाना का तैयार किया काफ्तान और उससे मैच करती पगड़ी पहनी थी। उनके लुक में सबसे ज्यादा ध्यान एमराल्ड पेंडेंट ने खींचा। इस पेंडेंट की कीमत से ज्यादा इसकी ऐतिहासिक अहमियत चर्चा में आ गई है। करीब 30 कैरेट के इस पन्ने पर कुरान की आयत-उल-कुर्सी उकेरी गई है। करीना की स्टाइलिस्ट रिया कपूर ने सोशल मीडिया पर उनके लुक को शेयर करते हुए इस पेंडेंट की कहानी भी बताई थी। 

शाही पेंडेंट पर भड़का विवाद 

ये कोई साधारण सी ज्वेलरी नहीं, बल्कि भोपाल के पूर्व शाही परिवार की विरासत का हिस्सा है। इस पेंडेंट का कनेक्शन सैफ अली खान के परिवार से है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ये पेंडेंट पहले भोपाल की बेगम साजिदा सुल्तान के पास था। साजिदा सुल्तान, भोपाल के आखिरी नवाब हमीदुल्लाह खान की बेटी और सैफ अली खान की दादी थीं। ये बेशकीमती गहना पीढ़ियों से पटौदी परिवार की विरासत का हिस्सा रहा है। रिया कपूर ने अपने पोस्ट में ये भी बताया था कि करीना ने इस पेंडेंट के साथ भोपाल के नवाब की करीब 200 साल पुरानी कलगी भी पहनी थी। यानी उनका पूरा लुक परिवार की ऐतिहासिक धरोहर को समर्पित था। 

कांग्रेस नेता ने बेबो को भेजा नोटिस 

करीना के इस लुक की तस्वीरें वायरल होने के बाद कुछ लोगों ने पेंडेंट को लेकर आपत्ति जताई। अब इस मामले में कांग्रेस नेता और भोपाल के राष्ट्रीय मीडिया समन्वयक अब्बास हफीज ने करीना और उनकी स्टाइलिस्ट रिया कपूर को कानूनी नोटिस भेजा है। अब्बास हफीज का कहना है कि आयत-उल-कुर्सी इस्लाम में बेहद पवित्र मानी जाती है। ऐसे में इस धार्मिक आयत को फैशन एक्सेसरी की तरह इस्तेमाल करना सही नहीं है। उन्होंने साफ किया कि उन्हें करीना के कपड़ों से कोई समस्या नहीं है। उनकी शिकायत सिर्फ पवित्र आयत को जिस तरह सोशल मीडिया पर दिखाया गया है उससे है। नोटिस में करीना और रिया कपूर के शेयर किए गए इन फोटोज और वीडियो को सोशल मीडिया से हटाने और मुस्लिम समुदाय से माफी मांगने और भविष्य में इस तरह की गलती न करने का आश्वासन देने की मांग की गई है।