'बिग बॉस 20' में माही विज काफी विवाद में घिर गई हैं। पिछले कुछ हफ्तों से उन्हें लगातार उनके कुछ स्टेटमेंट्स के लिए घर में ही बैकलैश झेलना पड़ रहा है। माही ने कई बार लव को लेकर घटिया टिप्पणी की हैं और बाद में आंसू बहाए हैं। ऐसे में घर में जब कैप्टेंसी की दावेदारी का टास्क आया तो सामने वाली टीम ने माही को रुलाने की कोशिश करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। कंटेस्टेंट्स ने माही पर निशाना साधते हुए उनकी पर्सनल लाइफ और बेटी तारा का जिक्र कर दिया। इस बात से माही के एक्स पति जय भानुशाली काफी नाराज हैं। जय भानुशाली ने सोशल मीडिया पर अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए एक पोस्ट शेयर किया। इसमें उन्होंने साफ कहा कि अब वो अपने बच्चों को 'बिग बॉस' नहीं देखने देंगे।

जय भानुशाली ने किया पोस्ट 

शो में माही विज उस वक्त सुर्खियों में आ गईं, जब उन्होंने लव को 'होम ब्रेकर' कह दिया। इसके बाद घर के कई सदस्य माही के खिलाफ हो गए। ऐसे में टास्क के दौरान कंटेस्टेंट्स ने माही को घेरते हुए उन पर कई निजी टिप्पणियां कीं। इस बीच उनकी बेटी तारा का नाम भी बातचीत में आ गया, जिससे मामला और बढ़ गया। इस पूरे विवाद पर जय भानुशाली ने तारा और अपने तीनों बच्चों की तस्वीर शेयर करते हुए बताया कि शो में हुई बातों से वो पिता होने के नाते काफी आहत हैं।

तारा को घसीटने पर नाराज हुए जय

जय ने अपनी पोस्ट में लिखा कि उन्होंने पहले तय किया था कि वो 'बिग बॉस' के किसी भी कंटेस्टेंट के गेम पर अपनी राय नहीं देंगे। वो सिर्फ जरूरत पड़ने पर माही का साथ देंगे। लेकिन जब शो में उनके बच्चों को लेकर बातें होने लगीं, तो उनके लिए चुप रहना मुश्किल हो गया। जय ने बताया कि टास्क के दौरान यंग डीएसए ने उनके बच्चों को लेकर टिप्पणी की। वहीं कनिका ने माही के बच्चों से कभी न मिलने की बात कही। इसके अलावा लव गिल की मां ने भी तारा का जिक्र किया गया। जय के मुताबिक, किसी कंटेस्टेंट के गेम पर सवाल उठाना अलग बात है, लेकिन उसमें बच्चों को शामिल करना बिल्कुल गलत है।

जय ने तारा को लेकर कही ये बात 

जय ने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि तारा अभी सिर्फ 7 साल की है और वो इस शो का हिस्सा नहीं है। ऐसे में उसे किसी के गेम या विवाद से जोड़ना सही नहीं है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर घर के अंदर चल रही लड़ाई में बच्चों को क्यों घसीटा जा रहा है? उनका मानना है कि अगर किसी को माही के फैसलों से परेशानी है, तो उसे सीधे माही के गेम पर सवाल उठाना चाहिए। उनकी फैसलों को चुनौती दी जा सकती है, लेकिन बच्चों, मदरहुड और पर्सनल लाइफ को बीच में लाना सीमा लांघना है।

बच्चों को 'बिग बॉस 20' नहीं दिखाएंगे जय 

अपनी पोस्ट के आखिर में जय ने साफ कर दिया कि अब वो अपने बच्चों को 'बिग बॉस 20' नहीं दिखाएंगे। उन्होंने कहा कि एक पिता होने के नाते उनके लिए बच्चों की शांति और मासूमियत सबसे ज्यादा मायने रखती है। जय के मुताबिक, तारा का नाम बार-बार माही को नीचा दिखाने के लिए इस्तेमाल किया जा रहा है। सभी के लिए ये शो एंटरटेनमेंट हो सकता है, लेकिन उनके परिवार के लिए ये पर्सनल मामला बन गया है। इसी वजह से उन्होंने शो से दूरी बनाने का फैसला किया है।