बॉलीवुड गलियारों से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। 'बालिका बधू', 'रोटी कपड़ा और मकान', 'नैना', 'कच्चे धागे', 'बेनाम' और 'हमशकल' जैसी फिल्मों में काम कर चुकीं दिग्गज एक्ट्रेस मौसमी चटर्जी के घर मातम पसर गया है। मौसमी चटर्जी के पति और फिल्म निर्माता जयंत मुखर्जी अब इस दुनिया में नहीं रहे। 12 नवंबर को मुंबई में उनका निधन हुआ। बताया जा रहा है कि वो काफी समय से उम्र संबंधी स्वास्थ्य समस्याओं का सामना कर रहे थे और अब उन्होंने इस दुनिया को हमेशा के लिए अलविदा कह दिया है। जयंत मुखर्जी के निधन की खबर से फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है। इंडस्ट्री में इस वक्त दुख का माहौल है। 

घर पर ली अंतिम सांस

आपको बता दें, जयंत मुखर्जी मशहूर सिंगर और संगीतकार हेमंत कुमार के बेटे थे। जयंत मुखर्जी ने 12 नवंबर यानी गुरुवार को शाम में मुंबई में अपने घर पर अंतिम सांस ली थी। 'फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज' (FWICE) के अध्यक्ष बीएन तिवारी ने खुद उनके निधन की पुष्टि की है। इस दौरान ये जानकारी सामने आई कि जयंत काफी समय से बीमार चल रहे थे और उनकी उम्र भी काफी हो चुकी थी। दरअसल, वो करीब 70 के दशक के आखिरी पड़ाव में थे। 

कौन थे जयंत मुखर्जी?

जयंत मुखर्जी की करियर की बात करें, तो वो भले ही कैमरे के सामने ज्यादा नजर नहीं आए, लेकिन फिल्म इंडस्ट्री में उनका योगदान काफी ज्यादा रहा है। उन्होंने पर्दे के पीछे रहकर काफी काम किया था। बतौर निर्माता वो 'मजाक' (1975) और 'दो लड़के दोनों कड़के' (1979) जैसी फिल्मों से जुड़े रहे। इन दोनों फिल्मों में मौसमी चटर्जी भी नजर आई थीं। इसके अलावा जयंत साल 1992 में आए टीवी शो 'तलाश' से भी जुड़े थे। संगीत से भी उनका गहरा रिश्ता रहा है। उन्होंने फिल्म 'बीवी और मकान' के म्यूजिक डिपार्टमेंट में काम किया था।

बेटी के बाद पति को खोकर टूटीं मौसमी चटर्जी 

मौसमी चटर्जी ने जयंत मुखर्जी से साल 1972 में शादी की थी। उस समय मौसमी सिर्फ 15 साल की थीं और उनका फिल्मी करियर शुरू हो चुका था। शादी के बाद मौसमी मुंबई आ गईं और बॉलीवुड में अपनी पहचान बनाने में लग गईं। दोनों की जिंदगी में कई उतार-चढ़ाव आए, लेकिन रिश्ता लंबे समय तक कायम रहा। दोनों ने एक-दूसरे के साथ 5 दशक से ज्यादा समय बिताया था। मौसमी और जयंत की दो बेटियां थीं, पायल और मेघा। हालांकि, साल 2019 में उनकी बड़ी बेटी पायल का निधन हो गया। उन्हें टाइप-1 डायबिटीज थी और लंबे समय से उनकी तबीयत खराब चल रही थी। वो लंबे समय तक कोमा में भी रही थीं। बेटी के जाने के बाद अब जयंत मुखर्जी के निधन से मौसमी चटर्जी को एक और बड़ा झटका लगा है। जीवनसाथी का साथ छूट जाने से मौसमी चटर्जी टूट गई हैं।