मुंबई में एक बार फिर बम धमाकों की धमकियां मिली हैं, जिससे सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ गई है। आज यानी गुरुवार, 12 नवंबर को एक धमकी भरा ईमेल सामने आया है। इस ईमेल में मुंबई की कई अहम जगहों को निशाना बनाने की बात कही गई है। इस लिस्ट में मुंबई एयरपोर्ट, मेयर कार्यालय, पंजाब नेशनल बैंक समेत बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन का बंगला 'जलसा' भी शामिल है। इतना ही नहीं इस ईमेल में महालक्ष्मी स्टेडियम का भी जिक्र किया गया है। धमकी मिलने बाद सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह से अलर्ट हो गई हैं और उन्होंने फौरन मामले की जांच भी शुरू कर दी है।
आज सुबह 10:52 बजे आया धमकी भरा ईमेल
रिपोर्ट्स के मुताबिक, आज सुबह करीब 10 बजकर 52 मिनट पर एक ईमेल के जरिए मुंबई में अलग-अलग जगहों पर बम धमाके की चेतावनी दी गई है। ये मेल पंजाब नेशनल बैंक के मुंबई जोनल ऑफिस, कफ परेड के लोकल क्राइम ब्रांच और दक्षिण मुंबई के जवेरी बाजार में बैंक शाखा को भेजा गया था। ईमेल के सब्जेक्ट में दोपहर 1 बजकर 11 मिनट पर पीएनबी की एक शाखा में ब्लास्ट करने की बात लिखी गई थी। इसके अलावा मैसेज में 27 नवंबर और 31 दिसंबर का भी जिक्र किया गया।
इन जगहों पर धमाकों की धमकी
धमकी भरे ईमेल में मुंबई की जिन जगहों का नाम शामिल है, वो ये हैं:
- छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट
- मुंबई मेयर कार्यालय
- पीएनबी बैंक
- अमिताभ बच्चन का बंगला 'जलसा'
- महालक्ष्मी स्टेडियम
इस तरह ईमेल में पब्लिक प्लेसेस, बैंक और अमिताभ बच्चन के घर को निशाना बनाने की बात सामने आई है।
ईमेल में लिखी ये खास बात
इस पूरे मामले में एक और चीज ने सुरक्षा एजेंसियों का ध्यान खींचा है। धमकी भरे इस ईमेल में खालिस्तान और 'खालिस्तान नेशनल आर्मी' नाम लिखा हुआ है। हालांकि, अभी तक इस कथित संगठन की ओर से धमकी दिए जाने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। जांच एजेंसियां ईमेल के स्रोत, इसे भेजने वाले शख्स और इसके पीछे के इरादे का पता लगाने में जुटी हैं। धमकी को गंभीरता से लिया जा रहा है। जिन जगहों का ईमेल में जिक्र किया गया है, वहां सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई है।