बॉलीवुड में इन दिनों डर और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है। लॉरेंस बिश्नोई गैंग से कथित तौर पर मिल रही जानलेवा धमकियों ने फिल्म इंडस्ट्री की चिंता बढ़ा दी है। सलमान खान को पहले भी कई बार जान से मारने की धमकियां मिल चुकी हैं, वहीं टाइगर श्रॉफ की गाड़ी पर हुई फायरिंग ने इस मामले को और गंभीर बना दिया। लगातार सामने आ रहे सुरक्षा संबंधी इनपुट को देखते हुए मुंबई पुलिस ने बॉलीवुड सेलेब्स के लिए खास सेफ्टी एडवाइजरी जारी की है। पुलिस का काम किसी भी संभावित खतरे को समय रहते रोकना और सेलेब्स की सुरक्षा तय करना है।
पुलिस ने दी भीड़ वाली जगहों से दूरी की सलाह
मुंबई पुलिस के मुताबिक, बॉलीवुड के कुछ सेलेब्स को पब्लिक प्लेस पर सतर्क रहने के लिए कहा गया है। उन्हें भीड़भाड़ वाले इलाकों में जाने से बचने और पब्लिक प्लेस पर फैंस के बीच ज्यादा घुलने-मिलने से परहेज करने की सलाह दी गई है। इसके अलावा बड़े पब्लिक इवेंट्स और ऐसी जगहों पर जाने को लेकर भी सावधानी बरतने को कहा गया है, जहां सुरक्षा इंतजाम को नियंत्रित करना मुश्किल हो सकता है। आपको बता दें, ये एडवाइजरी किसी एक स्टार के लिए नहीं नहीं है। पुलिस की नजर इस वक़्त उन सभी सेलेब्स की सुरक्षा पर है, जिन्हें हाल ही में धमकियां मिलने की खबरें सामने आई हैं।
टाइगर पर फायरिंग ने बढ़ाई चिंता
दरअसल, 18 अक्टूबर को मुंबई में टाइगर श्रॉफ की गाड़ी पर तीन लोगों ने गोलियां चलाई थीं। इस घटना ने बॉलीवुड इंडस्ट्री को हैरान कर दिया था। हमले के दौरान टाइगर जैसे-तैसे बच गए, लेकिन उनके ड्राइवर और एक और शख्स के काफी चोट आई थी। इस घटना के कुछ ही समय बाद सोशल मीडिया पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा एक पोस्ट सामने आया, जिसमें उन्होंने इस हमले की जिम्मेदारी ली थी। इस पोस्ट में सलमान खान के साथ काम करने वाले को धमकी दी गई थी। इन दावों की प्रामाणिकता के संबंध की पुलिस अभी भी जांच कर रही है।
सलमान, अमिताभ और आमिर की हुई रेकी!
इस पूरे मामले में एक और शॉकिंग जानकारी सामने आई कि टाइगर श्रॉफ पर हमले से पहले आरोपियों ने बॉलीवुड के कई सेलेब्स के घरों की रेकी की थी। इस लिस्ट में सलमान खान, अमिताभ बच्चन, आमिर खान, रोहित शेट्टी, अक्षय कुमार और रणबीर कपूर जैसे नाम शामिल थे। जांच में ये भी जानने की कोशिश की गई कि आरोपियों ने इन सेलिब्रिटीज की सुरक्षा व्यवस्था और उनके घरों के आसपास की हलचल के बारे में किस तरह जानकारी जुटाई थी। पुलिस के लिए ये मामला इसलिए भी गंभीर है क्योंकि किसी सेलिब्रिटी के घर की रेकी करना उसकी पर्सनल सेफ्टी के लिए बड़ा खतरा बन सकता है।
तुषार और आयुष्मान को मिली धमकियां
ये धमकी सिर्फ सलमान और टाइगर तक नहीं रुकी, बल्कि हाल ही में तुषार कपूर और आयुष्मान खुराना को भी कथित तौर पर धमकी भरे कॉल आने की रिपोर्ट्स सामने आई थीं। बाद में जांच के दौरान कुछ धमकियां फर्जी निकलीं। इस दौरान पता चला कि लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नाम लेकर सेलेब्स को डराया जा रहा है और एक शख्स की पहचान भी सामने आई, जिसका गैंग से कोई संबंध नहीं मिला। ऐसे में पुलिस के सामने सिर्फ गैंग से जुड़ी धमकियों की जांच नहीं, बल्कि उनका नाम लेकर सेलेब्स को डराने और वसूली करने वालों पर कार्रवाई करने की चुनौती भी है।