स्टैंडअप कॉमेडियन और 'बिग बॉस 17' के विनर मुनव्वर फारुकी ने अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर बड़ा खुलासा किया है। इस बार उन्होंने अपनी दूसरी शादी और मुश्किल दौर को लेकर कई बड़े और नए खुलासे किए हैं। टेनिस प्लेयर सानिया मिर्जा के पॉडकास्ट 'सर्विंग इट अप विद सानिया' में मुनव्वर ने बताया कि आखिर 'बिग बॉस' जीतने के कुछ महीनों बाद ही उन्होंने शादी करने का फैसला क्यों लिया था। कॉमेडियन ने ये भी रिवील किया कि शो से बाहर आने के बाद उन्होंने खुद को कई दिनों तक कमरे में बंद कर लिया था।
'बिग बॉस' के बाद बदल गई थी मुनव्वर की जिंदगी
मुनव्वर फारुकी ने बताया कि 'बिग बॉस 17' जीतने के बाद उनकी जिंदगी पूरी तरह से बदल गई थी। उन्हें काफी काम मिला और उनकी पॉपुलैरिटी भी बढ़ गई। लेकिन इस कामयाबी के साथ उन्हें लोगों का जरूरत से ज्यादा अटेंशन भी उन पर आ गया था। मुनव्वर ने बताया कि फरवरी से अप्रैल के बीच का समय उनके लिए काफी मुश्किल भरा था। बाहर से तो सब कुछ अच्छा दिख रहा था, लेकिन अंदर से वो खुश नहीं थे। उन्हें एहसास हुआ कि जिस तरह की जिंदगी वो जी रहे हैं, वो उनके और उनके बेटे के लिए ठीक नहीं है।
खुद को कई दिनों तक कमरे में किया बंद
पॉडकास्ट में मुनव्वर ने बताया कि वो 3-4 दिनों तक लिविंग रूम में अकेले बंद रहे। बाहर उनके लिए काम और कमाई के कई रास्ते थे, लेकिन वो अंदर से बेचैन थे। वो नमाज पढ़ते थे और रोकर अल्लाह से दुआ करते थे कि उनकी जिंदगी में ठहराव आ जाए। उन्हें एहसास हो गया था कि सिर्फ पैसा, काम और पॉपुलैरिटी ही सब कुछ नहीं है। वो एक बेहतर इंसान और पिता बनना चाहते थे। इसी वजह से उन्होंने शादी करने का फैसला कर लिया। मुनव्वर ने अपनी पत्नी मेहजबीन कोटवाला से पहली मुलाकात का किस्सा भी सुनाया। उन्होंने बताया कि दोनों कॉमन फ्रेंड के जरिए मिले। करीब डेढ़ साल पहले फिल्म देखते हुए उनकी मुलाकात हुई थी और उस समय दोनों ने साथ में एक फोटो भी खिंचवाई थी। इसके बाद ईद पर मेहजबीन ने उन्हें मैसेज करके मुबारकबाद दी। दोनों के बीच बातें शुरू हुईं और धीरे-धीरे एक-दूसरे को समझने लगे। मुनव्वर को पता चला कि मेहजबीन की भी पहली शादी टूट चुकी है और उनकी एक बेटी है।
कैसे किया शादी के लिए प्रपोज?
मुनव्वर को जब पता चला कि मेहजबीन मेकअप आर्टिस्ट हैं, तो उन्होंने उनसे मिलने की इच्छा जताई। इस मीटिंग में उन्होंने बिना देर किए मेहजबीन के सामने शादी का प्रपोजल रख दिया और इससे मेहजबीन हैरान रह गई थीं। उन्होंने मुनव्वर से कुछ समय मांगा और करीब एक हफ्ते तक परिवार और मुनव्वर को समझने के बाद उन्होंने शादी के लिए हां कह दिया। एक महीने के अंदर दोनों का निकाह हो गया।