Narayana Murthy Career Advice : नौकरी-पेशा लोग अक्सर अपनी कंपनी को अपनी पूरी दुनिया मान बैठते हैं। वे ऑफिस के कामों के लिए अतिरिक्त समय देते हैं, कंपनी पर आने वाली हर मुश्किल में ढाल बनकर खड़े रहते हैं। कई बार खुद की निजी जरूरतों तथा सेहत को ताक पर रख देते हैं। मगर, क्या किसी कंपनी के लिए इतना भावुक होना वाकई सही है? इंफोसिस के सह-संस्थापक एनआर नारायण मूर्ति का बेहद खास बयान इस पूरी सोच को नए नजरिए से देखने पर मजबूर करता है। उनका साफ तौर पर कहना है कि अपने काम से हमेशा प्यार करें, लेकिन कभी कंपनी से प्यार में न पड़ें। मतलब नौकरी से मुंह मोड़ना या काम से जी चुराना नहीं है, बल्कि अपने काम और कंपनी के बीच के बारीक फर्क को समझ व्यावहारिक जीवन जीना है।

अपने काम से प्यार करने का असल मतलब क्या है?

नारायण मूर्ति के इस विचार का पहला हिस्सा हमें सिखाता है कि हमें अपने काम के प्रति समर्पित और जुनूनी होना चाहिए। मतलब आप जो भी काम कर रहे, उसमें आपकी वास्तविक रुचि हो। आप हर रोज ऑफिस में नया सीखने की ललक रखें। अपनी स्किल को बेहतर और अपग्रेड करते रहें। आपको जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसे पूरी ईमानदारी और निष्ठा से पूरा करें। जब आपको अपना काम खुद पसंद आने लगता है तो आप सिर्फ महीने के अंत में मिलने वाली सैलरी के लिए काम नहीं करते। आप यह चाहते हैं कि आपका आउटपुट शानदार हो और उससे बेहतरीन नतीजे सामने आएं। ऐसी स्थिति में आपको बार-बार अपने बॉस की तारीफ या दूसरे सहयोगियों की शाबाशी का इंतजार नहीं करना पड़ता। आप खुद मन ही मन जानते हैं कि आपने अपना काम कितनी उत्कृष्टता के साथ किया है।

कंपनी कोई परिवार नहीं, सिर्फ एक बिजनेस है

इस सलाह का दूसरा पहलू बेहद गहरा और सोचने पर मजबूर करने वाला है। नारायण मूर्ति का कहना है कि कंपनी से इतना ज्यादा लगाव मत रखिए कि आपकी पूरी पहचान और वजूद उसी संस्थान से बंध जाए। हकीकत है कि कोई भी कंपनी आपका परिवार नहीं होती, बल्कि वह कमर्शियल बिजनेस होती है। वहां समय के चक्र के साथ लोग बदलते हैं, बॉस बदलते हैं, मैनेजमेंट की नीतियां बदलती हैं और कई बार कंपनी के काम करने का पूरा पैटर्न ही बदल जाता है। आज आप जिस कंपनी में शान से काम कर रहे हैं, हो सकता है कि आने वाले कुछ साल में वहां आपकी कोई जगह ही न बचे। कभी ऐसा समय आ सकता है जब कंपनी लागत में कटौती के नाम पर आपको बाहर का रास्ता दिखा दे या फिर हो सकता है कि आप खुद बेहतर और सुनहरे अवसर की तलाश में वह कंपनी छोड़ दें। ऐसे हालात में आपने अपनी पूरी पहचान सिर्फ उसी एक कंपनी से जोड़ रखी है तो वहां से अलग होना आपके मानसिक स्वास्थ्य के लिए बेहद दर्दनाक और मुश्किल साबित हो सकता है।

खराब वर्क कल्चर के जाल में फंसने से बचाती है यह सोच

अक्सर देखने में आता है कि लोग ऑफिस के टॉक्सिक माहौल और अत्यधिक उत्पीड़न से परेशान होने के बावजूद नौकरी नहीं छोड़ पाते। उनके मन में अजीब सा मोह होता है-उन्हें लगता है कि उन्होंने कंपनी को अपने जीवन के इतने साल दिए हैं, टीम के लोग अच्छे हैं या उन्होंने यहां खून-पसीना एक किया है। इसी गलतफहमी में वे खराब वर्क कल्चर, जरूरत से ज्यादा काम (ओवरवर्क) और बढ़ते मानसिक तनाव को चुपचाप सहते रहते हैं। नारायण मूर्ति का यह विजन ऐसे तमाम लोगों को यह आईना दिखाता है कि नौकरी आपकी जिंदगी का सिर्फ एक हिस्सा भर है, आपकी पूरी जिंदगी नहीं। किसी कार्यस्थल पर आपको आगे बढ़ने का कोई स्कोप नहीं मिल रहा या वहां का माहौल आपकी सेहत और पर्सनल लाइफ को तबाह कर रहा है तो बिना झिझक के दूसरे बेहतर मौके तलाशना पूरी तरह से सही है।

आपकी असली और पक्की पूंजी आपकी स्किल है

किसी भी संस्थान में काम करने से आपको अनुभव जरूर मिलता है, लेकिन आपकी असली और स्थाई पहचान आपकी स्किल्स और आपके काम करने के हुनर से बनती है। कंपनियां बदल सकती हैं, डूब सकती या आप उन्हें छोड़ सकते हैं, लेकिन आपने जो ज्ञान और हुनर अर्जित किया है, वह हमेशा आजीवन आपके साथ रहता है। आप लगातार अपनी स्किल को मांजते रहेंगे। नई तकनीक और चीजें सीखते रहेंगे तथा खुद को समय के साथ अपडेट रखेंगे तो आपको कभी भी बेरोजगारी या अनिश्चितता का डर नहीं सताएगा। जरूरत पड़ने पर दूसरी अच्छी नौकरी ढूंढना या किसी नए वेंचर की शुरुआत करना आपके लिए बेहद आसान हो जाएगा।

कॅरियर में सफलता और आगे बढ़ने के जरूरी टिप्स

काम की गुणवत्ता सुधारें : आपके पास जिस भी प्रोजेक्ट या काम की जिम्मेदारी है, उसे बेहतरीन तरीके से करना सीखें।

पहचान को अलग रखें : जिस कंपनी में आप काम कर रहे, वह आपके रिज्यूमे का हिस्सा हो सकती है, लेकिन वह आपकी पूरी शख्सियत नहीं है।

निरंतर सीखते रहें : एक ढर्रे पर एक ही तरह का काम करते रहने के बजाय हमेशा नए हुनर और टेक्नोलॉजी सीखते रहें। इससे आपके पास कॅरियर में तरक्की के रास्ते खुले रहेंगे।

बदलाव से कभी न डरें : आपको मौजूदा कार्य स्थल पर ग्रोथ या सम्मान नहीं मिल रहा है तो नई नौकरी या कॅरियर पाथ चुनने में रास्ता बदलने से बिल्कुल नहीं हिचकिचाएं।