तेलुगु फिल्म इंडस्ट्री के पॉपुलर एक्टर और आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण की पर्सनल लीफ से जुड़ी एक बड़ी और शॉकिंग खबर सामने आई है। पवन कल्याण और उनकी पत्नी अन्ना कोनिडेला ने अपनी 13 साल की शादी को खत्म करने का फैसला कर लिया है। दोनों ने एक बयान के जरिए अपने अलग होने की पब्लिक अनाउंसमेंट की। इस खबर के सामने आने के बाद फैंस के बीच बेचैनी बढ़ गई है। उनके इस फैसले से हर कोई हैरान है और सोशल मीडिया पर इस मामले पर जमकर चर्चा चल रही है।

आपसी सहमति से टूटी शादी 

पवन कल्याण और अन्ना कोनिडेला ने अपने बयान में बताया कि जिंदगी का एक लंबा और अहम समय साथ बिताने के बाद अब दोनों ने अलग-अलग रास्तों पर आगे बढ़ने का फैसला लिया है। उनके मुताबिक, ये फैसला समझदारी और एक-दूसरे के प्रति सम्मान को ध्यान में रखकर लिया गया है। दोनों ने ये भी साफ किया कि शादी का रिश्ता भले ही अब आगे न बढ़े, लेकिन उनके बीच दोस्ती और बच्चों के लिए उनकी जिम्मेदारी पहले की तरह ही बनी रहेगी। वो अपने बच्चों की खुशियों और बेहतर भविष्य को सबसे ज्यादा अहमियत देंगे।

2013 में शादी के बंधन में बंधे थे दोनों

इस मुश्किल वक्त में पवन और अन्ना ने अपने फैंस, दोस्तों और शुभचिंतकों से उनकी समझदारी, दयालुता, सम्मान और प्राइवेसी का ख्याल रखने की अपील की है। साथ ही, मुश्किल और अच्छे समय में साथ देने वाले लोगों के लिए आभार भी जताया है। आपको बता दें, पवन कल्याण और अन्ना लीजनेवा की पहली मुलाकात साल 2011 में तेलुगु फिल्म 'तीन मार' की शूटिंग के वक्त हुई थी। सेट पर दोनों एक-दूसरे के करीब आए और धीरे-धीरे दोनों में प्यार हो गया। करीब 2 साल बाद दोनों ने सितंबर 2013 में शादी कर ली थी।

पवन कल्याण की तीसरी शादी भी नहीं चल सकी

अन्ना रूस की रहने वाली हैं और मॉडलिंग और एक्टिंग की दुनिया से जुड़ी रही हैं। शादी के बाद वो पर्सनल लाइफ में बिजी हो गईं। वहीं, इस शादी से पवन और अन्ना के दो बच्चे हैं। बता दें, ये पहली बार नहीं है जब पवन कल्याण की शादी टूटी हो। अन्ना कोनिडेला से पहले भी वो दो शादियां कर चुके हैं। उनकी पहली शादी नंदिनी से साल 1997 में हुई थी, लेकिन ये रिश्ता ज्यादा समय तक नहीं चल पाया और बाद में दोनों का तलाक हो गया। इसके बाद साल 2009 में पवन ने एक्ट्रेस रेणु देसाई के साथ दूसरी शादी की थी। दोनों के दो बच्चे हैं। हालांकि, ये रिश्ता भी टिक नहीं सका और दोनों अलग हो गए। अब अन्ना कोनिडेला के साथ भी उनकी 13 साल की शादी का अंत हो गया है।