बॉलीवुड के बाद हॉलीवुड में भी अपनी पहचान बनाने वाली प्रियंका चोपड़ा ने एक नया रिकॉर्ड बना लिया है। इस बार उनकी फैन फॉलोइंग का असर बॉक्स ऑफिस पर नहीं बल्कि सोशल मीडिया पर देखने को मिला है। इंस्टाग्राम पर प्रियंका करोड़ों लोगों के दिल की धड़कन बन गई हैं। दरअसल, अब देसी गर्ल ने 2026 की एशिया की सबसे ज्यादा फॉलो की जाने वाली 10 हस्तियों की लिस्ट में जगह बना ली है। इस लिस्ट में सिर्फ फिल्मी सितारे ही नहीं, बल्कि क्रिकेट, राजनीति और म्यूजिक इंडस्ट्री से जुड़े तमाम बड़े नाम शामिल हैं। भारतीय आर्टिस्ट्स में प्रियंका के अलावा श्रद्धा कपूर, आलिया भट्ट और कैटरीना कैफ का नाम भी इस लिस्ट में दिखाई दे रहा है।
प्रियंका ने हासिल किया ये मुकाम
प्रियंका चोपड़ा की पॉपुलैरिटी अब बस फिल्म इंडस्ट्री तक सीमित नहीं है। भारत में अपनी पहचान बनाने के बाद उन्होंने इंटरनेशनल मंच भी पर भी बड़ा मुकाम हासिल किया है। इंस्टाग्राम पर प्रियंका चोपड़ा के करीब 92.76 मिलियन यानी 9.27 करोड़ से ज्यादा फॉलोअर्स हैं। भारत के साथ-साथ विदेशों में भी बड़ी संख्या में लोग इंस्टाग्राम के जरिए उनकी जिंदगी, फिल्मों और प्रोफेशनल एक्टिविटीज पर नजर रखते हैं। वो इस टॉप 10 की लिस्ट में चौथे नंबर पर हैं।
विराट कोहली से पीछे रह गए पीएम मोदी
एशिया की सबसे ज्यादा फॉलो की जाने वाली हस्तियों की इस लिस्ट में भारतीय क्रिकेटर विराट कोहली पहले स्थान पर हैं। उनके इंस्टाग्राम पर 270 मिलियन फॉलोअर्स हैं। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दूसरे नंबर पर हैं। उनके 106 मिलियन फॉलोअर्स हैं। तीसरे नंबर पर मशहूर सिंगर लिसा का नाम है। फिर आतीं हैं प्रियंका चोपड़ा। इनके अलावा श्रद्धा कपूर और आलिया भट्ट भी इंस्टाग्राम पर मजबूत फैन फॉलोइंग देखने को मिली है। श्रद्धा कपूर के करीब 92.6 मिलियन फॉलोअर्स हैं। वहीं, आलिया भट्ट के लगभग 85.1 मिलियन फॉलोअर्स हैं। श्रद्धा की सादगी और आलिया की क्यूटनेस का जादू फैंस पर खूब चल रहा है।
कैटरीना रेस में आलिया और श्रृद्धा से भी पीछे
इस लिस्ट में बॉलीवुड एक्ट्रेस कैटरीना कैफ का नाम भी शामिल है। करीब 78.6 मिलियन फॉलोअर्स के साथ उन्होंने एशिया की टॉप 10 सबसे ज्यादा फॉलो की जाने वाली हस्तियों की लिस्ट में 10वां नंबर हासिल किया है। कैटरीना लंबे समय से बॉलीवुड से जुड़ी हुई हैं और सोशल मीडिया पर उनकी फिल्मों के अलावा उनके फैशन, फिटनेस और बिजनेस से जुड़े पोस्ट भी देखने को मिलते हैं।