Supreme Court On Rahul Gandhi : लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। शीर्ष अदालत ने इलाहाबाद हाईकोर्ट के उस आदेश को खारिज किया है, जिसमें कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के खिलाफ आय से ज्यादा संपत्ति के आरोपों की सीबीआई और ईडी से जांच कराने की मंजूरी दी गई थी। मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सूर्यकांत की अगुवाई वाली बेंच ने इस मामले को नए सिरे से सुनवाई के लिए वापस इलाहाबाद हाईकोर्ट भेज दिया है। जस्टिस सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्य बागची और जस्टिस वी मोहना की पीठ ने कहा कि हाईकोर्ट इस याचिका पर दोबारा विचार करे। पहले इलाहाबाद हाईकोर्ट ने केंद्रीय जांच एजेंसियों को राहुल गांधी पर लगे कथित आय से अधिक संपत्ति के दावों की छानबीन करने और शिकायतकर्ता विग्नेश शिशिर की अर्जी पर अब तक हुई कार्रवाई की रिपोर्ट अदालत को सौंपने का आदेश दिया था। अब सुप्रीम कोर्ट ने उस निर्देश को हटाते हुए हाईकोर्ट को फ्रेश सुनवाई करने को कहा है।
कार्यवाही की ऑडियो कर दी गई बंद
राहुल गांधी की याचिका पर सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट में कार्यवाही की ऑडियो बंद कर दी गई। इस मामले में शिकायतकर्ता विग्नेश शिशिर स्वयं अदालत में हाजिर हुए थे। उनके निजी तौर पर पेश होने के कारण सुनवाई के समय ऑडियो और वीडियो प्रसारण रोक दिया गया।
राहुल गांधी पर चल रहे कई मुकदमे
कानूनी मोर्चे पर राहुल गांधी कई अन्य मुकदमों का भी सामना कर रहे हैं। उनके खिलाफ अलग-अलग राज्यों में मानहानि से जुड़े मामले विचाराधीन रहे हैं, जिनमें सावरकर टिप्पणी से जुड़ी शिकायत, अमित शाह पर बयान से जुड़ा मामला और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर की गई टिप्पणी से संबंधित केस शामिल हैं। आय से अधिक संपत्ति वाले इस ताजा घटनाक्रम में सुप्रीम कोर्ट के हस्तक्षेप से राहुल गांधी को फिलहाल बड़ी कानूनी राहत मिली है।