रणबीर कपूर की 'रामायण' का जादू बॉक्स ऑफिस पर साफ नजर आ रहा है। ये फिल्म लगातार अपनी कमाई से नए रिकॉर्ड सेट कर रही है। दर्शकों का प्यार फिल्म पर बेशुमार बरस रहा है। इस फिल्म ने अभी तक कई बॉलीवुड की जबरदस्त कमाई करने वाली फिल्मों को पछाड़ दिया है और नए रिकॉर्ड कायम कर लिए। दूसरे वीकेंड पर जबरदस्त कमाई करने के बाद अब वीकडेज में 'रामायण' की कमाई में गिरावट दर्ज की गई है। रिलीज के 12वें दिन यानी दूसरे सोमवार को फिल्म 'रामायण' का कलेक्शन काफी नीचे आ गया। भले ही दूसरे सोमवार को फिल्म की कमाई कम हुई, लेकिन फिर भी 'रामायण' ने कई बड़ी फिल्मों के रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं।

दूसरे सोमवार कितनी कम हुई 'रामायण' की कमाई?

रिपोर्ट्स के मुताबिक, 'रामायण' ने दूसरे सोमवार को भारतीय बॉक्स ऑफिस पर लगभग 32 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया है। इससे पहले दिन यानी रविवार को इस फिल्म ने 75 करोड़ रुपये की कमाई की थी। ऐसे में सोमवार को इसके कलेक्शन में करीब 57.3 फीसदी की गिरावट देखने को मिली है। इन आंकड़ों के साथ फिल्म 'रामायण' का भारत में कुल नेट कलेक्शन 792.60 करोड़ रुपये हो गया है। इसके घरेलू ग्रॉस कलेक्शन की बात करें तो वो 947.25 करोड़ रुपये हो चुका है। 'रामायण' अब भारत में 800 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन करने से बस कुछ ही कदम दूर है।

'रामायण' ने 'धुरंधर 2' और 'छावा' को छोड़ा पीछे

आपको बता दें, कमाई में भारी गिरावट के बाद भी 'रामायण' का प्रदर्शन दूसरी फिल्मों के मुकाबले काफी दमदार रहा। इसने दूसरे सोमवार के कलेक्शन के मामले में 'धुरंधर 2' और 'छावा' जैसी फिल्मों को पछाड़ दिया है। रिपोर्ट्स बताती हैं कि 'धुरंधर 2' ने अपने दूसरे सोमवार को लगभग 26 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था। वहीं, 'छावा' ने करीब 19.1 करोड़ रुपये की कमाई की थी। दूसरी तरफ 'रामायण' 32 करोड़ रुपये कमाकर इन दोनों फिल्मों से आगे निकल आई है। फिर भी ये फिल्म अब तक 'धुरंधर' से पीछे है, जिसने दूसरे सोमवार को 32.1 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था। ऐसे में 'रामायण' ये रिकॉर्ड तोड़ने से महज 10 लाख रुपये पीछे रह गई।

'रामायण' का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन 

'रामायण' की कमाई में सोमवार को गिरावट जरूर देखने को मिली है, लेकिन ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर अपनी पकड़ बनाए हुए है। अब 'रामायण' का अगला टारगेट होगा घरेलू बाजार में 800 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार करना। आपको बता दें, इस फिल्म ने दुनियाभर में भी बेहतरीन प्रदर्शन किया है। दूसरे सोमवार को विदेशों से करीब 10 करोड़ रुपये की कमाई कर इस फिल्म का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन 1,437.25 करोड़ रुपये पहुंच गया है। अब देखना दिलचस्प होगा कि आने वाले दिनों में फिल्म की कमाई की रफ्तार बरकरार रह पाती है या नहीं और बॉक्स ऑफिस पर कौन-सा नया रिकॉर्ड बनता है।