रणबीर कपूर की फिल्म 'रामायण' बॉक्स ऑफिस पर छाई हुई है। फिल्म की रिलीज से पहले जो हाइप था, वो अब रिलीज के बाद सिनेमाघरों में भी देखने को मिल रहा है। दर्शकों की भारी भीड़ 'रामायण' देखने थिएटर्स पहुंच रही है। दिवाली के बाद इस फिल्म की कमाई में उछाल देखने को मिला है। सोशल मीडिया पर फिल्म को लेकर तरह-तरह की बातें हो रही हैं, लेकिन इसकी कमाई में सिर्फ बढ़ोतरी ही दर्ज की जा रही है। सोमवार का कलेक्शन तो वाकई चौंकाने वाला है। 'रामायण' ने पहले ही सोमवार इतनी कमाई कर ली है कि 'धुरंधर 2' और 'गदर 2' जैसी फिल्मों के रिकॉर्ड टूट गए हैं।
सोमवार को हुई ताबड़तोड़ कमाई
रणबीर कपूर की 'रामायण' ने रिलीज के पांचवें दिन यानी सोमवार को भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 107.50 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया है। वैसे तो अक्सर सोमवार को फिल्मों की कमाई में गिरावट देखने को मिलती है, लेकिन 'रामायण' के साथ उल्टा हुआ है। फिल्म को दिवाली की छुट्टियों का सीधे तौर पर फायदा मिल गया है। 107.50 करोड़ रुपये के नेट कलेक्शन के साथ फिल्म 'रामायण' ने पहले सोमवार के कलेक्शन के मामले में कई बड़ी ब्लॉकबस्टर फिल्मों को पछाड़ दिया है। रणवीर सिंह की 'धुरंधर 2' हो या सनी देओल की 'गदर 2', इन दोनों ही सुपरहिट फिल्मों का रिकॉर्ड अब 'रामायण' से पीछे हो गया है।
'रामायण' ने 5 दिनों में की कितनी कमाई?
शुरुआत से ही 'रामायण' को लोगों का अच्छा रिस्पॉन्स मिला है। हालांकि, बीच में एक दिन कलेक्शन थोड़ा कम हुआ था, लेकिन फिर फिल्म ने रफ्तार पकड़ ली। 'रामायण' ने पहले दिन 64.85 करोड़ रुपये कमा लिए थे। दूसरे दिन की कमाई 48.05 करोड़ रुपये रही। तीसरे दिन शनिवार को फिल्म ने 69.80 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया, जबकि रविवार को सिर्फ 56.15 करोड़ रुपये की कमाई हुई। वहीं, सोमवार को फिल्म की कमाई ने सभी को हैरान कर दिया। एक ही दिन में फिल्म ने 107.50 करोड़ रुपये कस बिजनेस कर लिया। इस तरह महज पांच दिनों में फिल्म 'रामायण' का भारतीय नेट कलेक्शन 346.35 करोड़ रुपये हो गया है। वर्ल्डवाइड फिल्म का ग्रॉस कलेक्शन करीब 663.90 करोड़ रुपये पहुंच चुका है।
'धुरंधर 2', 'पुष्पा 2', 'एनिमल' भी रह गईं पीछे
'रामायण' की सोमवार की कमाई ने कई बड़ी फिल्मों के रिकॉर्ड तोड़ डाले हैं। इनमें 'बाहुबली 2', 'धुरंधर 2', 'पुष्पा 2', 'एनिमल' और 'गदर 2' जैसी फिल्में भी शामिल हैं। पहले सोमवार के कलेक्शन में 107.50 करोड़ रुपये की कमाई कर 'रामायण' ने बॉक्स ऑफिस पर नया रिकॉर्ड सेट कर दिया है। आपको बता दें, इस फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम बने नजर आ रहे हैं। वहीं, यश रावण, तो साई पल्लवी माता सीता की भूमिका में हैं। फिल्म का निर्देशन नितेश तिवारी ने किया है।