बॉलीवुड एक्टर रणवीर सिंह से जुड़ी एक बेहद दुखद जानकारी सामने आई है। दिवाली इस बार एक्टर के घर रौशनी नहीं बल्कि अंधकार लेकर आई थी। अब जो खबर सामने आ रही है उसके मुताबिक, रणवीर सिंह और उनका परिवार दुख में डूबा हुआ है। हर कोई इस वक्त बेहद भावुक है क्योंकि रणवीर सिंह के नाना डॉ. राम हींगोरानी अब इस दुनिया में नहीं रहे। उन्होंने 96 साल की उम्र में अंतिम सांस ली। बताया जा रहा है कि उनका निधन 8 नवंबर को दिवाली के दिन लक्ष्मी पूजा के दौरान हुआ। इस बुरी खबर की जानकारी रणवीर की कजिन सौम्या हींगोरानी ठाकरे ने सोशल मीडिया के जरिए दी।
रणवीर सिंह की कजिन ने सुनाई दुखद खबर
सौम्या हींगोरानी ने अपने नाना के साथ बिताए खूबसूरत पलों की तस्वीरें और वीडियो शेयर किए। उनके पोस्ट से साफ झलक रहा है कि परिवार के लिए डॉ. राम हींगोरानी कितने खास थे। सौम्या हींगोरानी ठाकरे ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में नाना को याद करते हुए उनके 96 साल के जीवन को एक खूबसूरत सफर बताया। उन्होंने लिखा कि उनके नाना ने दिवाली के पावन अवसर पर शांति से दुनिया को अलविदा कहा और अपनी पत्नी के पास चले गए। सौम्या ने अपने कैप्शन में इस बात का भी जिक्र किया कि लक्ष्मी पूजा के समय उनका जाना अपने आप में एक खास संयोग था।
लक्ष्मी पूजा के समय हुआ निधन
उन्होंने भावुक अंदाज में लिखा कि उन्हें उम्मीद है कि उनके नाना-नानी फिर से साथ होंगे और कहीं बैठकर परिवार को देख रहे होंगे। उन्होंने अपने नाना को दुनिया का सबसे अच्छा दादू बताते हुए उनके प्यार और परिवार के लिए किए गए योगदान का शुक्रिया अदा किया। पोस्ट के आखिर में सौम्या ने उनके लिए आइसक्रीम बचाकर रखने की बात लिखी और दोबारा साथ डांस करने की उम्मीद के साथ उन्हें अंतिम विदाई दी। आपको बता दें, डॉ. राम हींगोरानी के निधन के बाद रणवीर सिंह का साल 2023 का एक पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। ये वीडियो फिल्म 'रॉकी और रानी की प्रेम कहानी' के प्रमोशन के दौरान का है। उस समय रणवीर ने अपने नाना का एक वीडियो शेयर किया था, जिसमें 93 साल की उम्र में भी वो फिल्म के गाने 'व्हाट झुमका' पर डांस करते दिखाई दिए थे।
वायरल हुआ नाना के साथ रणवीर का वीडियो
उन्होंने 'टीम रॉकी' की टी-शर्ट पहन रखी थी। वीडियो में उनका मजाकिया अंदाज भी लोगों को खूब पसंद आया था। उन्होंने हंसी-मजाक में टिक्की की जगह टकीला लाने की फरमाइश तक कर दी थी। नाना की इस मस्ती को देखकर रणवीर भी काफी खुश नजर आए थे। उस समय एक्टर ने अपने नाना की तारीफ करते हुए उन्हें असली 'रॉकी-इज्म' बताया था। उनका ये पोस्ट फैंस के बीच काफी चर्चा में आया था। बता दें, रणवीर सिंह और उनके नाना के बीच गहरा लगाव था। समय-समय पर सोशल मीडिया पर उनके दोनों की साथ में तस्वीरें और वीडियो सामने आते थे।