दिवाली का त्योहार बॉलीवुड और टीवी सेलेब्स के लिए बेहद खास रहा। इस खुशी के मौके पर कई सेलिब्रिटीज ने एक-दूसरे के साथ त्योहार मनाया और सोशल मीडिया पर तस्वीरें भी शेयर की हैं। लेकिन इन सबके बीच एक ऐसी मुलाकात ने लोगों का ध्यान खींच लिया, जिसने टीवी के पुराने फैंस को यादों के गलियारों में पहुंचा दिया। दरअसल, रोनित रॉय और श्वेता तिवारी मशहूर प्रोडूसर एकता कपूर की दिवाली पार्टी में साथ नजर आए। दोनों की तस्वीरें सामने आते ही 'कसौटी जिंदगी की' के फैंस खुशी से झूम उठे।
रोनित और श्वेता की फोटो वायरल
एकता कपूर ने शनिवार रात दिवाली पार्टी रखी थी। इस सेलिब्रेशन में टीवी और फिल्म इंडस्ट्री के कई बड़े चेहरे देखने को मिले। रोनित रॉय भी इस पार्टी का हिस्सा थे और उन्होंने अपने इंस्टाग्राम पर कुछ तस्वीरें शेयर कर पार्टी की झलकियां भी दिखाई हैं। इन तस्वीरों में श्वेता तिवारी के अलावा एकता कपूर, मनीष मल्होत्रा, शिल्पा शेट्टी, राज कुंद्रा, शमिता शेट्टी और मनीष पॉल भी दिखाई दिए। हालांकि, सबसे ज्यादा चर्चा रोनित और श्वेता की एक तस्वीर की हो रही है। इसमें रोनित प्यार से श्वेता के गाल पर किस करते नजर आ रहे हैं। वहीं, एक दूसरी तस्वीर में इन दोनों एकता कपूर के साथ पोज देते देखा जा सकता है।
प्रेरणा और बजाज को देख याद आए पुराने दिन
रोनित ने इस पोस्ट के कैप्शन में 'प्रेरणा-बजाज' के फैंस को भी याद किया। उन्होंने लिखा कि पहली तस्वीर खासकर प्रेरणा और बजाज के फैंस के लिए है। रोनित और श्वेता की इस मुलाकात ने अब लोगों के मन में टीवी के पॉपुलर शो 'कसौटी जिंदगी की' की यादें ताजा कर दी हैं। इस शो में श्वेता तिवारी ने प्रेरणा शर्मा का किरदार निभाया था, जबकि रोनित रॉय मिस्टर ऋषभ बजाज के रोल में नजर आए थे। आपको बता दें, साल 2001 में शुरू हुए इस शो ने देखते ही देखते घर-घर में अपनी पहचान बना ली थी। शो की कहानी, रिश्तों के उतार-चढ़ाव और कलाकारों की शानदार एक्टिंग ने फैंस को लंबे समय तक बांधे रखा। खासकर प्रेरणा और मिस्टर बजाज की जोड़ी को लोगों ने खूब पसंद किया था।
पार्टी में ज्यादा देर नहीं रुके रोनित
तस्वीरें शेयर करते हुए रोनित रॉय ने ये भी बताया कि वो पार्टी में ज्यादा समय तक रुक नहीं पाए। इसकी वजह उनका काम था। एक्टर ने अपने पोस्ट में बताया कि अगले दिन सुबह उन्हें जल्दी काम पर जाना था, इसलिए उन्हें पार्टी से जल्दी निकलना पड़ा। उन्होंने मजाकिया अंदाज में लिखा कि दिवाली के दिन भी सुबह काम करना है और शुभ दिन पर शुभ समय का सही इस्तेमाल करना चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने सभी को दिवाली की शुभकामनाएं देते हुए गुड नाइट कहा।