बॉलीवुड इंडस्ट्री इस वक्त खौफ के साये में जी रही है। बॉलीवुड सेलेब्स के सिर पर मौत की तलवार लटक रही है। किसी पर अटैक हो रहा है, तो किसी को धमकी दी जा रही है। टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के बाद से कई सेलिब्रिटीज को खतरनाक धमकियां मिलने के मामले सामने आ चुके हैं। अब इस कड़ी में एक नया नाम शामिल हुआ है। बॉलीवुड एक्टर सैफ अली खान भी इस लिस्ट में जुड़ गए हैं। अब सैफ पर भी खतरा मंडरा रहा है। करीना कपूर के पति सैफ अली खान को कथित तौर पर धमकी मिली है और इस मामले में मुंबई पुलिस ने जांच भी शुरू कर दी है।

सैफ अली खान को जीशान अख्तर ने दी धमकी!

आपको बता दें, सैफ अली खान को धमकी देने के पीछे बाबा सिद्दीकी हत्याकांड में वांटेड आरोपी जीशान अख्तर का नाम सामने आया है। हालांकि, अभी तक इस बात की पुष्टि नहीं हुई है कि सैफ को धमकी सच में बाबा सिद्दीकी हत्याकांड में आरोपी जीशान अख्तर ने ही दी है। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है और ये पता लगाने में जुटी है कि धमकी देने वाला शख्स कौन है? इससे जीशान अख्तर का कोई लिंक है या फिर कोई और उनका नाम इस्तेमाल कर रहा है? फिलहाल तो यही जानकरी सामने आ रही है कि सैफ अली खान को मिली धमकी कथित तौर पर जीशान अख्तर के नाम से आई है। ऐसे में मुंबई पुलिस इस धमकी की प्रामाणिकता की जांच करते हुए सबूत जुटाने में लगी है। 

बाबा सिद्दीकी की हत्या से जुड़ा है जीशान अख्तर का नाम 

आपको बता दें, जीशान अख्तर का नाम बाबा सिद्दीकी की हत्या के मामले में सामने आया था। बाबा सिद्दीकी का बॉलीवुड से गहरा नाता था। उनकी इफ्तार पार्टी बॉलीवुड की जान होती थी। सलमान से लेकर शाहरुख खान तक सभी सितारों का इस पार्टी में जमावड़ा देखने को मिलता था। हालांकि, एक दिन उन्हें गोलियों को भूनकर मौत के घाट उतार दिया गया था। इसके बाद बॉलीवुड में मातम पसर गया था। बाबा सिद्दीकी बॉलीवुड के भाईजान सलमान खान के बेहद करीबी दोस्त थे। उनकी हत्या का कनेक्शन सलमान खान से भी जोड़ा गया था। दरअसल, सलमान खान को बिश्नोई गैंग से लगातार धमकियां मिल रही थीं और उनके साथ रहने वालों को भी खतरा था। अपनी जान खतरे में होने के बावजूद सलमान दोस्ती का फर्ज निभाने बाबा सिद्दीकी के जनाजे में पहुंचे थे। 

इन सेलेब्स को भी मिली धमकियां

दूसरी तरफ सैफ अली खान के अलावा हाल ही में अक्षय कुमार, टाइगर श्रॉफ, रोहित शेट्टी, आयुष्मान खुराना, अमिताभ बच्चन, तुषार कपूर और दिलजीत दोसांझ को भी इसी तरह की धमकियां दी गई हैं। बॉलीवुड में माहौल काफी बिगड़ता जा रहा है और कलाकारों की सुरक्षा का मुद्दा संगीन हो चुका है। पुलिस के लिए ये वाकई चिंताजनक स्थिति है कि वो कैसे इन हालातों पर काबू पाएगी।