सलमान खान की हर फिल्म पर फैंस नजरें टिकाए बैठे रहते हैं। अब उनकी वॉर ड्रामा फिल्म 'मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस' का ट्रेलर रिलीज हो गया है। इस ट्रेलर के आते ही फिल्म और सलमान खान दोनों लाइमलाइट में आ गए हैं। 10 नवंबर को 'मातृभूमि' का ट्रेलर जारी हुआ और उसके बाद इस पर लोगों के रिएक्शंस की बाढ़ आ चुकी है। इस फिल्म में सलमान खान भारतीय सेना के अधिकारी बने दिखाई दे रहे हैं। ट्रेलर में आपको देशभक्ति, सैनिकों का स्ट्रगल और युद्ध के बीच परिवार वालों की भावनाओं को भावुक अंदाज में दिखाया गया है।

फैंस को कैसा लगा ट्रेलर?

ट्रेलर सामने आते ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लोगों ने अपने रिएक्शंस देने शुरू कर दिए। भाईजान के फैंस को उनका नया लुक और एक्शन काफी पसंद आ रहा है। कई यूजर्स ने इसे उम्मीद से भी अच्छा बताया है, तो कुछ ने कहा कि फिल्म में सलमान लंबे समय बाद एक अलग अंदाज में दिखाई दे रहे हैं। वहीं, कुछ लोगों ने ट्रेलर की जमकर आलोचना भी की है। किसी को सलमान की डायलॉग डिलीवरी पसंद नहीं आई, तो कोई बोला ट्रेलर में कहानी से ज्यादा डायलॉग हैं। कुछ यूजर्स का कहना है कि मेकर्स ने ट्रेलर में ही फिल्म के कई जरूरी सीन्स रिवील कर दिए हैं। 

किस फिल्म की कॉपी लगा 'मातृभूमि' का सीन?

इतना ही नहीं सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने फिल्म 'मातृभूमि' के ट्रेलर के कुछ एक्शन सीन की तुलना शाहरुख खान की फिल्म 'रईस' से भी की है। लोगों का कहना है कि उन्हें ये सीन 'रईस' के पॉपुलर एंट्री सीन की कॉपी लगा। बता दें, ये दर्शकों की अपनी पर्सनल राय हैं और इससे ये साबित नहीं होता कि 'मातृभूमि' का कोई सीन दूसरी फिल्म की कॉपी है। वहीं, कुछ लोगों ने फिल्म के वीएफएक्स को कमजोर बताया। दूसरी तरफ सलमान के फैंस उनके एक्शन और देशभक्ति से जुड़े सीन को लेकर काफी बातें कर रहे हैं। ट्रेलर का एक डायलॉग, 'लेट्स सॉर्ट दिस शिट, ब्रो' भी सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है। 

कब रिलीज होगी सलमान की फिल्म?

आपको बता दें, अपूर्व लाखिया के डायरेक्शन में बनी फिल्म 'मातृभूमि' की कहानी साल 2020 में गलवान घाटी में भारत और चीन के सैनिकों के बीच हुई झड़प से इंस्पायर्ड है। सलमान खान इसमें कर्नल बी. संतोष बाबू के रोल में नजर आ रहे हैं। चितरंगदा सिंह फिल्म में सलमान की पत्नी के किरदार में हैं। इन दोनों के अलावा फिल्म में मुकेश ऋषि, अंकुर भाटिया और जायन शॉ भी दिखाई देंगे। आपको याद दिला दें, पहले इस फिल्म का नाम 'बैटल ऑफ गलवान' रखा गया था, जिसे बाद में बदलकर 'मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस' कर दिया गया है। ये फिल्म 4 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।