टेनिस स्टार सानिया मिर्जा अपने करियर के साथ-साथ पर्सनल लाइफ को लेकर भी सुर्खियों में रही हैं। पाकिस्तानी क्रिकेटर शोएब मलिक से तलाक के बाद से ही फैंस के मन में एक सवाल उठ रहा है कि क्या सानिया की जिंदगी में कोई और है?क्या तलाक के बाद सानिया मिर्जा किसी को डेट कर रही हैं? अब लंबे समय से उठ रहे इन सवालों पर खुद सानिया ने अपना रिएक्शन दिया है। उन्होंने पहली बार खुलकर अपनी बात रखी है। सानिया ने अपने रिलेशनशिप स्टेटस को लेकर ऐसा जवाब दिया है, जिसे जानकार आप भी हैरान रह जाएंगे।

क्या सानिया मिर्जा को मिला कॉफी डेट का इनवाइट?

आपको बता दें, सानिया मिर्जा हाल ही में नेहा धूपिया और अंगद बेदी के टॉक शो 'डबल डेट' में पहुंची थीं। इस दौरान सानिया के साथ उनकी बेस्टफ्रेंड और फिल्ममेकर फराह खान भी नजर आईं। शो पर हल्की-फुल्की मजाकिया बातचीत चल रही थी, लेकिन देखते ही देखते सानिया की पर्सनल लाइफ और डेटिंग तक बात पहुंच गई। शो के होस्ट नेहा और अंगद ने सानिया से पूछा कि क्या हाल ही में किसी ने उन्हें कॉफी डेट के लिए इनवाइट किया है? इस सवाल पर सानिया ने मुस्कुराते हुए अपने दोस्तों से जुड़ा एक मजेदार किस्सा सुनाया।

फराह से दोस्त करते हैं सानिया की डेटिंग लाइफ पर सवाल 

सानिया ने बताया कि उनके कई मेल दोस्त उन्हें घूमने-फिरने और बॉयज ट्रिप पर साथ चलने के लिए बुलाते हैं। सानिया ने बताया कि उनके दोस्त उनसे ऐसा बर्ताव करते हैं जैसे वो भी उनके ग्रुप का एक लड़का हों। यानी सानिया के दोस्त तो हैं, लेकिन उनके साथ कोई रोमांटिक एंगल नहीं है। ये सुनकर फराह खान ने भी एक बड़ा राज खोल दिया। फराह ने बताया कि उनके कुछ दोस्त अक्सर फोन करके उनसे पूछते हैं कि क्या सानिया सच में सिंगल हैं? फराह की ये बात सुनकर शो में सभी लोग हंसने लगे।

क्या है सानिया का रिलेशनशिप स्टेटस?

सानिया की पर्सनल लाइफ में दिलचस्पी दिखाते हुए अंगद बेदी ने उनसे ये भी पूछ लिया कि क्या कभी उनका मन किसी पुरुष के साथ खूबसूरत पल बिताने का करता है? ये सुनकर फराह ने तुरंत कहा, 'आपको कैसे पता कि वो खूबसूरत पल नहीं बिता रही हैं?' इस पर सानिया ने हैरान कर देने वाला जवाब देते हुए कहा, 'मेरी जिंदगी में कोई मर्द नहीं है, या हो भी सकता है।' हालांकि, बाद में सामिया ने इसे मजाक बताकर बात बदल दी और कहा कि वो सिंगल हैं।