बॉलीवुड के बादशाह शाहरुख खान इस वक्त अपनी अपकमिंग फिल्म 'किंग' को लेकर लाइमलाइट में हैं। 'किंग' को लेकर फैंस का एक्साइटमेंट हर नई अपडेट के साथ बढ़ता जा रहा है। अब इस फिल्म से जुड़ी एक ऐसी खबर सामने आई है, जिसने लोगों का ध्यान पूरी तरह से खींच लिया है। लेटेस्ट रिपोर्ट्स के मुताबिक, शाहरुख खान की फिल्म 'किंग' के लिए दिल्ली के फॉर्मूला वन (F1) रेसिंग ट्रैक को 3 दिन के लिए बुक कर लिया गया है। F1 रेसिंग ट्रैक पर इस फिल्म का शानदार एक्शन सीक्वेंस शूट करने की प्लानिंग है। ऐसे में इस शूट के लिए मेकर्स ने पूरे रेसिंग सर्किट को 3 दिन के लिए बुक कर लिया है।

दिल्ली में होगी 'किंग' के एक्शन सीन की शूटिंग 

'पठान' जैसी ब्लॉकबस्टर हिट देने के बाद शाहरुख खान और डायरेक्टर सिद्धार्थ आनंद की जोड़ी फिर से बड़े पर्दे पर धमाका करने के लिए तैयार है। ऐसे में 'किंग' से फैंस को जबरदस्त एक्शन और रोमांच भरी कहानी का इंतजार है। मेकर्स फैंस को खास अनुभव देने की कोशिश कर रहे हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म के एक बड़े एक्शन सीन की शूटिंग दिल्ली में होगी और उसके लिए फॉर्मूला वन ट्रैक इस्तेमाल किया जाएगा। इस खास सीक्वेंस के लिए मेकर्स ने तीन दिनों तक F1 सर्किट को कब्जे में रखा है। 

असली लोकेशन पर होगी शूटिंग 

इस सीन में क्या होने वाला है और शाहरुख किस तरह के स्टंट परफॉर्म करेंगे, अभी तक इसे लेकर कोई जानकारी सामने नहीं आई है। फिलहाल इन डिटेल्स को गुप्त रखा गया है। बताया जा रहा है कि ये एक्शन सीक्वेंस फिल्म का सबसे खास हिस्सा होगा। इस सीन के लिए सिद्धार्थ आनंद और उनकी इंटरनेशनल एक्शन टीम कई हफ्तों से तैयारी में जुटी हुई थी। लगातार स्टंट की प्लानिंग और रिहर्सल चल रही है। मेकर्स चाहते हैं कि लोग पर्दे पर कुछ ऐसा देखें जो पहले शाहरुख खान की फिल्मों में देखने को न मिला हो। इसी कारण सिर्फ विजुअल इफेक्ट्स और ग्रीन स्क्रीन पर निर्भर रहने की जगह असली लोकेशन पर शूटिंग की जा रही है।

नवंबर तक शूटिंग पूरी करने की है प्लानिंग 

खबरों की मानें तो दिल्ली में होने वाली ये शूटिंग फिल्म के शेड्यूल का आखिरी बड़ा हिस्सा हो सकती है। मेकर्स की प्लानिंग है कि नवंबर के आखिर तक फिल्म की शूटिंग पूरी हो जाए। इसके बाद 'किंग' के प्रमोशन की तैयारियों पर जोर दिया जाएगा। 23 नवंबर के बाद फिल्म के गानों और ट्रेलर को लेकर भी काम शुरू हो सकता है। फिल्म से जुड़ी एक और मजेदार बात सामने आई है कि करीना कपूर खान ने शाहरुख खान के साथ इस फिल्म के लिए एक खास गाने की शूटिंग की है। गाने का नाम 'डैडी कूल' बताया गया है।