बॉलीवुड एक्ट्रेस सोनाक्षी सिन्हा पिछले कुछ वक्त से देश और राजनीति से जुड़े मुद्दों पर खुलकर बात करने लगी हैं। एक्ट्रेस अब बिंदास अंदाज में अपनी राय सबके सामने रखती हैं। इसी बीच अब सोनाक्षी सिन्हा ने सोनिया गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के रिश्ते को लेकर चल रही टिप्पणियों पर मजेदार अंदाज में रिएक्ट करते हुए ट्रोलर्स को लताड़ लगा दी है। सोनाक्षी सिन्हा ने एक पोस्ट शेयर कर सोनिया गांधी को ट्रोल कर रहे लोगों को मुंहतोड़ जवाब दे दिया है। एक्ट्रेस का पोस्ट अब सोशल मीडिया पर सुर्खियों में बना हुआ है। चलिए जानते हैं कि आखिर सोनिया गांधी और राजीव गांधी को लेकर क्या विवाद चल रहा है और इस मामले में सोनाक्षी सिन्हा ने क्या टिप्पणी की है। 

पति की गोद में बैठकर लंच करती थीं सोनिया गांधी 

दरअसल, हाल ही में सोनिया गांधी की किताब 'Belonging: A Journey of Love' लॉन्च हुई है और इस लॉन्च इवेंट में राहुल गांधी ने अपने बचपन की एक दिलचस्प कहानी बताई थी। राहुल गांधी ने रिवील किया कि उनके घर में खाना खाने का माहौल थोड़ा अलग और प्यार भरा हुआ करता था। उन्होंने बताया कि जब भी पूरा परिवार साथ बैठकर खाना खाता था, तो उनकी मां सोनिया गांधी पिता राजीव गांधी की गोद में बैठा करती थीं। उन्हें ये बचपन में बिल्कुल नॉर्मल लगता था, लेकिन जब वो अपने दोस्तों के घर जाते थे और उनके माता-पिता इस तरह नहीं दीखते थे तो उन्हें हैरानी होती थी। 

ट्रोलिंग के बाद सोनिया गांधी के सपोर्ट में आईं सोनाक्षी 

राहुल ने ये किस्सा उनके माता-पिता के गहरे प्यार को दिखाने के लिए शेयर किया था। लेकिन सोशल मीडिया यूजर्स ने इस पर मजाक बनाना और गांधी परिवार की आलोचना करना शुरू कर दी। इस बढ़ती ट्रोलिंग के बीच सोनाक्षी सिन्हा अब गांधी परिवार का सपोर्ट करती हुई नजर आई हैं। उन्होंने गंभीर अंदाज की जगह मजेदार और बेबाक अंदाज में जवाब दिया। सोनाक्षी ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट री-शेयर की। इस पोस्ट में सवाल उठाया गया था कि पति-पत्नी के बीच प्यार जताने के एक तरीके को लेकर इतनी आपत्ति क्यों हो रही है? 

ट्रोलर्स को मिला सोनाक्षी का मुंहतोड़ जवाब 

इस पर सोनाक्षी ने अपने मजाकिया अंदाज में लिखा, 'डैम्म्म! मेरे होने वाले बच्चों को अंदाजा भी नहीं है कि उनके आगे क्या आने वाला है। तैयार रहना बच्चों, तुम जहां भी हो अभी।' एक्ट्रेस के इस कमेंट से साफ नजर आ रहा है कि वो इस ट्रोलिंग से बेहद नाखुश हैं। वहीं, उनके इस जवाब से फैंस इम्प्रेस हो गए हैं। एक्ट्रेस की इस चेतावनी ने सोशल मीडिया यूजर्स का ध्यान खींच लिया है।