बॉलीवुड एक्टर गोविंदा और उनकी पत्नी सुनीता आहूजा की शादीशुदा जिंदगी पिछले काफी समय से सवालों के घेरे में है। कभी दोनों के बीच अनबन की खबरें आती हैं, तो कभी तलाक की अटकलों से उनके रिश्ते को लेकर सवाल खड़े हो जाते हैं। इन सब रूमर्स के बीच अब सुनीता आहूजा ने अपने रिश्ते को लेकर ऐसा बयान दिया है, जिसने एक बार फिर लोगों का ध्यान खींच लिया। सुनीता को आज भी भरोसा है कि उनका और गोविंदा का रिश्ता इतना कमजोर नहीं है कि इतनी आसानी से टूट जाए।
गोविंदा संग खुशहाल जिंदगी की उम्मीद में सुनीता
सुनीता आहूजा ने हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में गोविंदा के साथ अपने रिश्ते और फ्यूचर को लेकर खुलकर बात की। जब उनसे पूछा गया कि क्या दोनों के बीच फिर से सबकुछ पहले जैसा हो सकता है? तो सुनीता ने इससे इनकार नहीं किया। सुनीता का कहना है कि फिलहाल हालात उनके पक्ष में नहीं हैं, लेकिन वक्त हमेशा एक जैसा नहीं रहता। करीब 40 साल पुराने रिश्ते को इतनी आसानी से खत्म नहीं किया जा सकता। उन्होंने साफ कहा कि गोविंदा अपनी जिंदगी और काम में बिजी हैं और वो खुद भी अपने काम पर ध्यान दे रही हैं।
15 साल की उम्र से करती हैं प्यार
सुनीता ने कहा कि इसके बावजूद उन्हें विश्वास है कि कोई भी उन्हें इस जन्म में एक-दूसरे से अलग नहीं कर सकता। उनका कहना है कि उन्होंने अपनी जिंदगी से जुड़े फैसले अब भगवान पर छोड़ दिए हैं। उनका मानना है कि उनके और गोविंदा के लिए जो सही होगा, ईश्वर उन्हें वही रास्ता दिखाएंगे। इस दौरान सुनीता ने अपने पुराने दिनों को भी याद किया। उन्होंने बताया कि गोविंदा उनके बचपन का प्यार हैं और वो 15 साल की उम्र से उन्हें पसंद करती थीं। इतने लंबे समय के साथ और उतार-चढ़ाव के बाद भी उनके मन में गोविंदा के लिए एक खास जगह है।
दिवाली कैसे खास बनाते थे गोविंदा?
सुनीता ने ये भी बताया कि पहले दिवाली के मौके पर गोविंदा उनके लिए सोने के गहने और कई तरह के गिफ्ट्स लाया करते थे। दोनों परिवार के साथ शॉपिंग पर जाते थे और त्योहार को खास बनाते थे। उन्होंने उम्मीद जताई कि जिंदगी में वो पुराने दिन एक बार फिर लौटेंगे। आपको बता दें, गोविंदा और सुनीता के रिश्ते में तनाव की खबरें तब ज्यादा सुर्खियों में आईं, जब गोविंदा का नाम उनकी को-स्टार कोमल रानी स्वर्णकार के साथ जोड़ा जाने लगा। सुनीता ने कई बार इस पर नाराजगी जाहिर की। एक्टर के मैनेजर ने भी पहले इन खबरों को खारिज किया था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, सुनीता ने दिसंबर 2024 में गोविंदा से तलाक के लिए याचिका दायर की थी, लेकिन बाद में अगस्त 2026 में इसे वापस ले लिया गया।