दिवाली के मौके पर सिनेमाघरों में रिलीज हुई फिल्मों के बीच बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त मुकाबला देखने को मिल रहा है। एक तरफ रणबीर कपूर की फिल्म 'रामायण' ताबड़तोड़ कमाई कर रही है, तो दूसरी ओर साउथ सुपरस्टार सूर्या की फिल्म 'सीन' भी फैंस के बीच अपनी मजबूत पकड़ बना रही है। खास बात ये है कि रिलीज के महज तीन दिनों में फिल्म ने दुनियाभर में 116 करोड़ रुपये से ज्यादा का कलेक्शन कर लिया है। ग्रैंड ओपनिंग के बाद वीकेंड पर फिल्म की कमाई में और तेजी देखने को मिली।

तीसरे दिन बढ़ी फिल्म की कमाई

जितु माधवन के निर्देशन में बनी फिल्म 'सीन' 6 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। फिल्म को पहले दिन से ही दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। कमाई के आंकड़ों पर नजर डालें तो फिल्म ने पहले दिन भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 19.15 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया था। दूसरे दिन इसकी कमाई बढ़कर 20.35 करोड़ रुपये हो गई। वहीं, रविवार को फिल्म ने और बेहतर प्रदर्शन किया। तीसरे दिन इसका नेट कलेक्शन 23.25 करोड़ रुपये दर्ज किया गया। इस तरह फिल्म ने भारत में शुरुआती तीन दिनों के भीतर कुल 62.75 करोड़ रुपये का नेट कारोबार कर लिया है। घरेलू बॉक्स ऑफिस पर फिल्म का ग्रॉस कलेक्शन करीब 72.90 करोड़ रुपये पहुंच गया है। विदेशी बाजारों में भी सूर्या की फिल्म को अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। तीन दिनों में ओवरसीज ग्रॉस कलेक्शन 43.75 करोड़ रुपये रहा। इन आंकड़ों को मिलाकर फिल्म की कुल वर्ल्डवाइड कमाई करीब 116.65 करोड़ रुपये हो गई है।

'रामायण' के सामने कायम है 'सीन' की रफ्तार

दिवाली पर रिलीज होने के कारण 'सीन' को बॉक्स ऑफिस पर आसान मुकाबला नहीं मिल रहा है। इसके सामने रणबीर कपूर की 'रामायण' जैसी बड़ी फिल्म है, जो पहले से ही बढ़िया कमाई कर रही है। इसके बावजूद सूर्या की फिल्म की रफ्तार बरकरार है। दर्शकों से मिल रहे पॉजिटिव रिस्पांस और फिल्म की कहानी को लेकर बने बज का असर इसके कलेक्शन पर साफ दिखाई दे रहा है। वहीं, 'रामायण' भी घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बाजार में अच्छा परफॉर्म कर रही है। ऐसे में दोनों फिल्मों के बीच बॉक्स ऑफिस की ये भिड़ंत आने वाले दिनों में और दिलचस्प हो सकती है।

सूर्या की इस साल की तीसरी 100 करोड़ी फिल्म 

सूर्या के करियर के लिए 'सीन' की सफलता काफी अहम मानी जा रही है। ये इस साल उनकी तीसरी ऐसी फिल्म बन गई है, जिसने दुनियाभर में 100 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार किया है। इससे पहले उनकी फिल्में 'करुप्पु' और 'विश्वनाथ एंड सन्स' भी बॉक्स ऑफिस पर अच्छा कारोबार कर चुकी हैं। इतना ही नहीं, 'सीन' ने अपने शुरुआती वीकेंड की कमाई के मामले में 'विश्वनाथ एंड सन्स' को भी पीछे छोड़ दिया है। इससे फिल्म की पॉपुलैरिटी का अंदाजा लगाया जा सकता है।