बॉलीवुड के दिग्गज एक्टर और निर्देशक टीनू आनंद के अस्पताल में भर्ती होने की खबर से सभी परेशान हो गए थे। 81 साल के टीनू आनंद अब अस्पताल से डिस्चार्ज हो चुके हैं, लेकिन उनके साथ क्या हुआ था? आखिर ऐसा क्या हुआ कि उनकी 5 पसलियां टूट गईं और फेफड़े में भी चोट आ गई? इन सब सवालों के जवाब फैंस अब भी जानना चाहते हैं। तो अब डिस्चार्ज होकर अपने घर लौट चुके टीनू आनंद ने खुद उस घटना के बारे में बताया जिसने उन्हें ICU तक पहुंचा दिया था। एक्टर का कहना है कि रात में अंधेरे के कारण वो अपने ही घर में गिर गए थे। गिरने के बाद उन्हें अपनी चोटों का अंदाजा नहीं हुआ और वो सुबह तक फर्श पर ही पड़े रहे। बाद में पता चला कि उनकी पांच पसलियां टूट गई हैं और फेफड़े में चोट आई है।

टीनू आनंद के साथ घर में हुआ था हादसा

टीनू आनंद ने अपने साथ हुए इस हादसे के बारे में बात करते हुए बताया कि रात के समय वो अपने घर में टहल रहे थे और उस वक्त लाइटें बंद थीं। अंधेरे में अचानक उनका पैर फिसला और वो जमीन पर जा गिरे। गिरने के बाद वो वहीं जमीन पर ही सो गए। दरअसल, टीनू को उस समय अंदाजा नहीं था कि उनकी चोटें इतनी गंभीर हैं। अगली सुबह जब उन्हें परेशानी महसूस हुई तो उनकी बेटी उन्हें अस्पताल लेकर गईं। डॉक्टरों ने सीटी स्कैन कराया और रिपोर्ट में उनकी पांच पसलियों में फ्रैक्चर मिला। 

अब कैसी है एक्टर की हालत?

इसके बाद टीनू आनंद मुंबई के कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में भर्ती हो गए। उनकी हालत खराब थी जिसके कारण उन्हें आईसीयू में रखा गया था। करीब 14 दिनों तक अस्पताल में उनका इलाज चलता रहा। अब उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल गई है और वो बेड रेस्ट पर हैं। टीनू आनंद ने बताया कि वो फिलहाल पहले से बेहतर महसूस कर रहे हैं। फिलहाल वो डॉक्टरों के कहने पर पूरी तरह आराम कर रहे हैं और जब तक डॉक्टर उन्हें बाहर जाने की इजाजत नहीं देते, तब तक वो घर रहकर अपनी सेहत का ध्यान रखेंगे। 

डॉक्टरों ने दी ये सलाह 

आपको बता दें, अस्पताल से लौटने के बाद भी टीनू की मुश्किलें खत्म नहीं हुई हैं। पसलियों में चोट के कारण उन्हें काफी सावधानी बरतनी पड़ रही है। डॉक्टरों ने उन्हें बेड रेस्ट के साथ फिजियोथेरेपी कराने की सलाह दी है। फिलहाल वो अपनी रिकवरी पर ध्यान दे रहे हैं। घर पर आराम कर उन्हें धीरे-धीरे बेहतर महसूस हो रहा है। वहीं, पूरी तरह से ठीक होने में उन्हें अभी कुछ वक्त लग सकता है।